बालोतरा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राजस्थान की पूर्व कांग्रेस सरकार पर असहयोग का आरोप लगाते हुए कहा कि इसी वजह से 2018 से 2023 तक पचपदरा रिफाइनरी का काम ठप हो गया था और जैसे ही राज्य में डबल इंजन सरकार आई इसका काम तेजी से आगे बढ़ा और आज इसका लोकार्पण किया जा रहा है।
मोदी शनिवार को बालोतरा जिले के पचपदरा में रिफाइनरी और अन्य विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के अवसर पर आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 में एमओयू साइन किया गया और वर्ष 2018 से 2023 तक कांग्रेस की सरकार रही हैं और कांग्रेस के असहयोग के कारण रिफाइनरी का काम ठप रहा लेकिन जैसे ही डबल इंजन सरकार आई इसका काम तेजी से आगे बढ़ा और आज इसका लोकार्पण हो रहा है।
उन्होंने कहा कि आप जानते है कि मेरी कार्यशैली जिसका शिलान्यास हम करते है उसका लोकार्पण भी हम ही करते हैं। उन्होंने कहा कि भारत ने रिफानरी क्षमता को लगातार बढ़ाया हैं। अमरीका में पिछले 50 साल में एक भी नई रिफाइनरी नहीं बनी। यूरोप की रिफाइनरी क्षमता लगातार कम होती गई और भारत आज विश्व की चौथी सबसे बड़ी रिफाइनरी क्षमता वाला देश बन चुका हैं। हम यहां रुकने वाले नहीं हैं और आने वाले दिनों में यह क्षमता और बढने वाली है।
उन्होंने कहा कि भारत सदी के सबसे बडे ऊर्जा संकट से लड़कर उभरा हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकारों ने कभी राजस्थान के जल संकट को दूर करने के लिए कोई ठोस काम नहीं किया लेकिन भाजपा कभी क्षेत्रवाद एवं बंटवारे की सियासत नहीं करती और वह राष्ट्र प्रथम की भावना पर काम करती हैं। उन्होंने कहा कि वह जब गुजरात में मुख्यमंत्री थे तब सौभाग्य से राजस्थान में भी भाजपा की सरकार थी और गुजरात से नर्मदा का पानी राजस्थान के साथ साझा किया गया और आज गुजरात से राजस्थान पानी पहुंच रहा हैं।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में राजस्थान और हरियाणा दोनों जगह भाजपा की सरकारें है तो पहली बार आपसी सहमति से समाधन निकाले गए और दोनों राज्य मिलकर राजस्थान के शेखावटी क्षेत्र तक पानी पहुंचाएंगे। हाल में दोनों राज्यों के बीच समझौते पर मोहर भी लग चुकी है और हथनीकुंड बैराज से पानी राजस्थान लाया जायगा। इसके लिए पाइप लााइन बिछाई जायेगी और सीकर, चूरू, झुंझूनूं एवं आस पास के पूरे शेखावाटी क्षेत्र को इसका लाभ मिलने वाला है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि इस परियोजना पर लगभग 34 हजार करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जब देश संकल्प लेता है एवं लक्ष्य बनाता हैं तो राजस्थान उसके केन्द्र में होता है। राजस्थान में तेज एवं आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर हो रहा है और नए नए रिकार्ड बन रहे हैं। राजस्थान के विकास को और गति दी जायेगी तथा आने वाले समय में विकास के और नये आयाम छूने हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें पूरा भरोसा एवं विश्वास है कि सब मिलकर नये राजस्थान के भविष्य का निर्माण करेंगे। उन्होंने रिफाइनरी के साथ अन्य कार्यो के लिए देश एवं राजस्थानवासियों को बधाई दी।
मोदी ने कहा कि भाजपा सरकार के प्रयासों पर लोगों का विश्वास बुलंद हैं और वह इस समर्थन और स्नेह के लिए राजस्थान की माटी का ऋणी हैं। उन्होंने राजस्थान को स्वाभिमान का साक्षी बताते हुए कहा कि स्वाभिमान देश तभी ऊंचा रह सकता हैं जब वह आत्मनिर्भर होगा। राजस्थान की धरती से विकसित एवं आत्मनिर्भर होने की दिशा में एक बहत बड़ा कदम उठाया गया हैं और रिफाइनरी को देश को समर्पित किया गया हैं। यह रिफाइनरी हजारों लोगों के रोजगार का माध्यम बनेगी।
उन्होंने कहा कि आज का दिन साक्षी है कि भाजपा की सरकारें परियोजना का सिर्फ शिलान्यास करके ही नहीं छोडती बल्कि इन्हें पूरा करने के लिए दिन रात एक कर देती हैं। उन्होंने कहा कि रिफाइनरी में हादसा हुआ, इसके बाद इतनी तेजी से इसका काम पूरा कर यह भी साबित कर दिया गया।
मोदी ने कहा कि नया भारत अपने संकल्पों से न तो पीछे हटता है और न ही अपनी रफ्तार कम करता है और आज राजस्थान में विकास के कीर्तिमान और भी साबित हो रहे हैं। इससे पहले जोधपुर नये एयरपोर्ट टर्मिनल का उद्घाटन किया गया हैं। यह नया टर्मिनल भवन सोशल मीडिया में छाया हुआ हैं और चारों तरफ राजस्थान छाया हुआ हैं। यह रोजगार एवं पर्यटन को नई गति देगा। जोधपुर से ही नई उड़ान योजना की शुरुआत हुई है इससे छोटे शहरों को जोड़ा जाएगा।
उन्होंने कहा कि जयपुर मेट्रो का विस्तार होने जा रहा हैं वहीं शेखावटी क्षेत्र के जल संकट को दूर करने का इंतजार भी खत्म होने जा रहा हैं। उन्होंने कहा कि राजस्थान के करीब 54 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी का नियुक्ति पत्र भी मिला हैं।




