भीलवाड़ा में प्रेमी युगल ने पेड़ पर रस्सी बांधकर लगाई फांसी

0

भीलवाड़ा। राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के शाहपुरा पंचायत समिति क्षेत्र के ग्राम आंटोली में मंगलवार को एक प्रेमी युगल ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान ग्राम आंटोली निवासी मुकेश भील (20) एवं 16 वर्षीय नाबालिग के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पिछले काफी समय से प्रेम संबंध थे। हालांकि, दोनों का बचपन में ही अन्यत्र विवाह हो चुका था, लेकिन वे एक-दूसरे के साथ जीवन बिताना चाहते थे।

दोनों का एक ही गोत्र होने के कारण उनके परिजन इस रिश्ते के सख्त खिलाफ थे। पारिवारिक असहमति और सामाजिक परंपराओं के भारी दबाव दोनों ने पेड़ में रस्सी बांधकर फांसी लगा ली।

सुबह जब ग्रामीणों ने गांव के बाहर एक पेड़ पर दोनों के शव लटके हुए देखे तो पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए पंडेर चिकित्सालय भिजवाया।

पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करके साक्ष्य जुटाए हैं। प्रारंभिक तौर पर मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, फिर भी पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।