अलवर में स्कूल से तीन बालक लापता, पुलिस तलाश में जुटी

0

अलवर। राजस्थान में अलवर के एनईबी थाना क्षेत्र स्थित हरदेव दास उच्च माध्यमिक विद्यालय से कक्षा सातवीं के तीन छात्रों के रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल तीन विशेष दल गठित करके बच्चों की तलाश शुरू कर दी है। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, स्कूल के आसपास के रास्तों और राजमार्ग तक लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही और अभद्र व्यवहार के आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है।

शिकायतकर्ता छोटेलाल प्रजापत ने बताया कि उनका 13 वर्षीय पुत्र योगेश प्रजापत और उसके सहपाठी उमेश मीणा और अक्षम मीणा, तीनों हरदेव दास उच्च माध्यमिक विद्यालय में कक्षा सातवीं के छात्र हैं। तीनों 22 जुलाई को रोजाना की तरह स्कूल गये थे, लेकिन पूर्वाह्न 11 बजे भोजनावकाश के दौरान स्कूल परिसर से अचानक लापता हो गए।

परिजनों का आरोप है कि स्कूल प्रशासन ने उन्हें केवल फोन कर यह सूचना दी कि बच्चे स्कूल से कहीं चले गए हैं। सूचना मिलते ही परिजन स्कूल पहुंचे और बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए, लेकिन उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला।

परिजनों का कहना है कि जब बच्चे स्कूल परिसर में थे, तब उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी विद्यालय प्रशासन की थी। ऐसे में बच्चे स्कूल से बाहर निकल गए तो यह सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर चूक है।

थाना प्रभारी सीमा सिनसिनवार ने बताया कि परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल तीन अलग-अलग दल गठित किए। एक दल को रेलवे स्टेशन, दूसरे को बस स्टैंड और तीसरे को स्कूल के आसपास के संभावित रास्तों पर लगाया गया है।

इसके अलावा रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी लगातार खंगाली जा रही है। बच्चों की गतिविधियों को राजमार्ग तक कैमरों के माध्यम से तलाशने का प्रयास किया गया है, अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिला है।

थाना प्रभारी ने बताया कि स्कूल प्रबंधन ने जांच के लिए आवश्यक रिकॉर्ड उपलब्ध करा दिया है। छात्रों की शैक्षणिक जानकारी, व्यवहार, कक्षा और अन्य आवश्यक विवरण पुलिस को सौंप दिए गए हैं। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और बच्चों की सुरक्षित बरामदगी के लिए लगातार प्रयास जारी हैं।