भीलवाड़ा। राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के बागोर थाना क्षेत्र में सात दिन से लापता साहूकार शोभाराम जैन का हाथ-पैर बंधा शव मदनपुर गांव के पास सड़क किनारे स्थित एक कुएं से रविवार को बरामद किया गया। शव की हालत और परिस्थितियों को देखते हुए हत्या कर शव कुएं में फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश का माहौल है।
पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि बावलास गांव का शोभाराम जैन सात दिन पहले कुछ लोगों के साथ सीरीयारी गया था। परिजनों के अनुसार उसने वहां दर्शन भी किए, लेकिन इसके बाद घर नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने पर उसके पुत्र भैरूलाल जैन ने 22 जुलाई को बागोर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस और परिजन उनकी तलाश में जुटे हुए थे। इसी दौरान रविवार को मदनपुर गांव के निकट सड़क किनारे एक कुएं में शव पड़े होने की सूचना मिली। पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे, जहां जेसीबी की मदद से शव बाहर निकाला गया। शव की पहचान शोभाराम जैन के रूप में हुई।
उसके हाथ-पैर बंधे हुए थे। हत्यारों ने साहूकार के हाथों के साथ उसके पैरों में खेत में लगाए जाने वाला सीमेंट का खंभा भी बांध दिया था ताकि शव ऊपर न आ सके। सूत्रों के अनुसार शोभाराम जैन क्षेत्र में लोगों को उधार पर रुपए देने का कारोबार करता था। आशंका जताई जा रही है कि उधारी के पैसों के लेनदेन को लेकर उसकी हत्या की गई है।



