अजमेर। आगामी श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को ध्यान में रखते हुए पुष्कर घाटी के पैदल यात्रा मार्ग पर विशेष सफाई अभियान शुरू किया गया है। वर्षों से सेवा कार्य कर रही टीम ने पहले दिन रविवार सुबह 7 बजे से करीब पांच घंटे तक श्रमदान कर मार्ग को साफ-सुथरा बनाया।
अभियान के दौरान रास्ते में उगी सघन झाड़ियों, कांच की टूटी बोतलों, कांटों, कंकड़-पत्थरों और अन्य अवरोधों को हटाया गया, ताकि कांवड़ यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
टीम के सदस्यों ने बताया कि तीर्थराज पुष्कर से हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु कांवड़ लेकर अजमेर सहित दूर-दराज के क्षेत्रों के लिए रवाना होते हैं। अधिकांश कांवड़ यात्री रात्रि अथवा तड़के सुबह पुष्कर घाटी के पैदल मार्ग से गुजरते हैं। ऐसे में मार्ग का सुरक्षित और स्वच्छ होना आवश्यक है।
सघन झाड़ियों की सफाई के लिए जेसीबी मशीन की भी सहायता ली गई। टीम ने बताया कि वे पिछले 12 वर्षों से लगातार इस सेवा कार्य को अंजाम दे रहे हैं। इस बार मार्ग पर अधिक झाड़ियां और गंदगी होने के कारण सफाई अभियान आगामी चार दिनों तक जारी रहेगा, ताकि श्रावण मास में आने वाले सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम यात्रा का लाभ मिल सके।




