बारामूला में महिला के साथ ‘गैंग रेप’ के आरोप में दो लोग अरेस्ट

0

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने बारामूला जिले में एक सामूहिक दुष्कर्म मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इन पर एक महिला के साथ यौन उत्पीड़न करने, अपराध का वीडियो बनाने और घटना की रिपोर्टिंग पर पीड़िता को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देने का आरोप है।

बारामूला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) गुरिंदरपाल सिंह ने मंगलवार को एक संवाददाता सम्मेलन में पीड़िता के 25 जुलाई को बारामूला पुलिस से संपर्क करने और घटना के बारे में शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी।

गौरतलब है कि यह घटना तीन जुलाई को जलशेरी-ड्रंगबल इलाके में हुई थी। एसएसपी ने बताया कि महिला ने पुलिस को बताया कि वह एक पुरुष मित्र के साथ घूमने के लिए उस इलाके में गई थी, तभी दो अनजान लोगों ने उनके पास आकर उन्हें परेशान करना और उनका वीडियो बनाना शुरू कर दिया।

सिंह ने कहा कि आरोपियों ने जोड़े के साथ मारपीट की, लड़के को भगा दिया और एक के बाद एक उसके साथ दुष्कर्म किया। उन्होंने अपराध करते समय अपने मोबाइल फोन पर हमले का वीडियो भी रिकॉर्ड किया और फिर मौके से भाग गए। एसएसपी के अनुसार पीड़िता आरोपियों की पहचान नहीं कर सकी लेकिन उसने जांचकर्ताओं को बताया कि घटना के दौरान दोनों लोग एक-दूसरे को शाकिर और अशरफ कहकर बुला रहे थे।

पुलिस ने शिकायत के बाद बारामूला थाना में प्राथमिकी संख्या दर्ज की और मामले की संवेदनशील प्रकृति को देखते हुए महिला अधिकारी मीनाक्षी की अध्यक्षता में एक जांच टीम का गठन किया।

बारामूला मुख्यालय पुलिस उपाधीक्षक शाहजहां चौधरी ने कहा कि आरोपियों की पहचान करना एक बड़ी चुनौती थी क्योंकि घटना के 22 दिन बाद शिकायत दर्ज कराई गई थी। उन्होंने कहा कि पुलिस ने तकनीकी सबूतों और मानवीय खुफिया जानकारी दोनों का इस्तेमाल करते हुए गहन जांच शुरू की थी।