नैनीताल। उत्तराखंड के कैंची धाम दर्शन को आए राजस्थान के एक युवक की शनिवार को नदी में डूबने से मौत हो गई है। शव को बरामद कर लिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार राजस्थान में जयपुर निवासी चार दोस्त नैनीताल के कैंची धाम दर्शन को आये थे। बताया जा रहा है कि नीब करौरी बाबा के दर्शन के बाद चारों गरमपानी के पास नदी में नहाने लगे। इसी दौरान प्रिंस भगोरिया तेज बहाव की चपेट में आ गया और लापता हो गया।
युवकों ने शोर मचाया। स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत और बचाव कार्य चलाया। नैनीताल से एसडीआरएफ, खैरना और भवाली पुलिस मौके पर पहुंची। सघन बचाव अभियान के बाद एसडीआरएफ की टीम ने युवक को नदी से बाहर निकाला।
भवाली कोतवाल प्रकाश मेहरा के अनुसार युवक को उपचार के लिए खैरना अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों को सूचित कर दिया गया है।



