गुरु वंदन-छात्र अभिनंदन समारोह में शिक्षकों व विद्यार्थियों का सम्मान

0

एक पेड़ मां के नाम अभियान को मिला बढ़ावा
अजमेर। भारत विकास परिषद महाराणा प्रताप शाखा द्वारा महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय नाका मदार में शनिवार को गुरु वंदन-छात्र अभिनंदन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान मेधावी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों का सम्मान करने के साथ-साथ एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।

शाखा सचिव दीपक चोपड़ा ने बताया कि समारोह में विद्यालय के 12 विद्यार्थियों और 15 शिक्षकों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता सुरेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने भारत विकास परिषद द्वारा संचालित एक पेड़ मां के नाम अभियान की सराहना करते हुए सभी से अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अपनी मां के नाम लगाने तथा इस अभियान से अन्य 10 लोगों को भी जोड़ने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान सभी सम्मानित शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र के साथ तुलसी के पौधे वितरित किए गए। परिषद के पर्यावरण प्रमुख विभोर गर्ग ने प्रत्येक शिक्षक को गमले में पौधा भेंट कर पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर विद्यालय परिसर में 30 फलदार पौधों का भी पौधरोपण किया गया। परिषद की ओर से घोषणा की गई कि लगाए गए इन पौधों में से जब कोई पौधा पूर्ण विकसित होकर फल देने लगेगा, तब विद्यालय को 11 हजार रुपए का प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।

समारोह की अध्यक्षता विद्यालय की प्रधानाचार्य दीप्ति पंचोली ने की। उन्होंने विद्यालय परिवार की ओर से भारत विकास परिषद के पदाधिकारियों एवं सदस्यों का माला एवं दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया तथा शिक्षा के सम्मान और पर्यावरण संरक्षण को समर्पित इस पहल की सराहना करते हुए परिषद का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में परिषद के लोकेश सोजतिया, चित्रेश लोढ़ा, नीता अग्रवाल, केके अग्रवाल, राकेश अजमेरा, सुरेश राठी, ओमप्रकाश देवानी, अंकुर गहलोत, विष्णु गोयल, चेतन गोयल, निशा, मीना देवानी सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।