अलवर। राजस्थान में अलवर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में वांछित 10 हजार रुपए के इनामी कुख्यात बदमाश को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने रविवार को बताया कि कुख्यात बदमाश पालपुर गिरोह के सरगना अख्तर उर्फ मित्तल को गिरफ्तार किया गया है। उसके चंगुल से अपहृत नाबालिग को भी सुरक्षित मुक्त करा लिया।
आरोपी खैरथल-तिजारा जिले के शेखपुर अहीर थाना क्षेत्र का बदमाश है। उसके खिलाफ राजस्थान एवं हरियाणा के विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, अपहरण, दुष्कर्म, शस्त्र अधिनियम सहित करीब 50 संगीन मामले दर्ज हैं।
उन्होंने बताया कि अख्तर 28 जून को रामगढ़ थाना क्षेत्र से नाबालिग का अपहरण करके ले गया था। परिजनों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज हुआ। चौधरी ने बताया कि थाना प्रभारी अजीत सिंह बड़सरा के नेतृत्व में जिला विशेष दल (डीएसटी), साइक्लोन सेल और थाना पुलिस का संयुक्त दल गठित किया गया।
दल ने तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर तंत्र की मदद से बदमाश का पीछा किया। फरारी के दौरान बदमाश नाबालिग को लेकर भिवाड़ी, उज्जैन और राजस्थान-मध्यप्रदेश सीमा से लगे झालावाड़ क्षेत्र में लगातार ठिकाने बदलता रहा, लेकिन पुलिस ने आखिरकार उसे गिरफ्तार कर लिया।
अपहरण और दुष्कर्म की पुष्टि होने पर संबंधित धाराएं जोड़ी गईं। उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से दो दिन की पुलिस हिरासत में लिया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार वर्ष 2010 के दशक में तिजारा क्षेत्र का पालपुर गिरोह दिल्ली-अलवर मार्ग पर आतंक का पर्याय माना जाता था।
रात के समय छोटे वाहन चालकों का निकलना मुश्किल हो जाता था। लूट, डकैती, मारपीट और अन्य संगीन वारदातें लगातार होती थी। धीरे-धीरे पुलिस ने अभियान चलाकर गिरोह की कमर तोड़ी, लेकिन उसका सरगना अख्तर उर्फ मित्तल लंबे समय तक कानून से बचता रहा।
चौधरी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ दर्ज सभी गंभीर मामलों की समीक्षा कराई जाएगी और जिन मामलों में वह जमानत पर है, उनमें उसकी जमानत निरस्त कराने की कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।



