सावन के प्रथम सोमवार पर श्री सिद्धेश्वर महादेव मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब

17

रुद्राभिषेक व जयघोष से भक्तिमय हुआ वातावरण
अजमेर। सावन मास के प्रथम सोमवार के पावन अवसर पर शास्त्री नगर स्थित श्री सिद्धेश्वर महादेव मंदिर में श्रद्धा और भक्ति का अनुपम संगम देखने को मिला। तड़के सुबह 5 बजे से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें मंदिर परिसर में लगनी शुरू हो गईं। भक्तों ने भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से रुद्राभिषेक कर सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और विश्व कल्याण की कामना की। पूरे मंदिर परिसर में हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से वातावरण पूरी तरह शिवमय हो गया।

मंदिर में पंडित शिव कुमार जोशी के सान्निध्य में वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ भगवान शिव का रुद्राभिषेक संपन्न कराया गया। इस दौरान शिवलिंग का जल, दूध, गंगाजल, दही, शहद, बिल्वपत्र, फल एवं अन्य पूजन सामग्री से अभिषेक किया गया। श्रद्धालुओं ने पूरे श्रद्धाभाव से पूजा-अर्चना कर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस अवसर पर श्री सिद्धेश्वर महादेव मंदिर समिति के अध्यक्ष डॉ. एसडी मिश्रा, सचिव दीपक भार्गव, राजेश त्यागी, विष्णु गोयल, राजेश दाधीच, हिम्मत सिंह राठौड़, अरविंद वर्मा, पीएल टाक सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। महिलाओं में सीमा टाक, नीता सोलंकी, शीला मिश्रा, रिचा शर्मा, संतोष सांखला, माला शर्मा, मधु सांखला एवं अन्य भक्तों ने भी भगवान शिव का रुद्राभिषेक कर परिवार की सुख-शांति एवं मंगल की प्रार्थना की।

मंदिर को विशेष रूप से फूलों और आकर्षक सजावट से अलंकृत किया गया था। भगवान शिव, माता पार्वती, श्री गणेश और कार्तिकेय सहित शिव परिवार का मनमोहक श्रृंगार श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना रहा। मंदिर में सजाई गई भव्य झांकियों ने भक्तों का मन मोह लिया। दिनभर दर्शन और पूजा-अर्चना का क्रम चलता रहा तथा श्रद्धालुओं ने भोलेनाथ के दर्शन कर सावन के प्रथम सोमवार को आध्यात्मिक उल्लास और भक्तिभाव के साथ मनाया।