राजसमन्द परिवहन कार्यालय के सहायक प्रशासनिक अधिकारी की निजी कार से 28110 की संदिग्ध राशि बरामद

1

राजसमन्द/जयपुर। राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने राजसमंद जिला परिवहन अधिकारी कार्यालय में कार्यरत सहायक प्रशासनिक अधिकारी दिनेश कलोलिया की निजी कार से 28 हजार 110 रुपए की संदिग्ध राशि बरामद की हैं।

ब्यूरो के पुलिस महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि एसीबी चौकी उदयपुर को सूचना मिली थी कि कलोलिया द्वारा कथित रूप से अवैध वसूली कर कार्यालय समय के बाद अपनी निजी कार से राजसमन्द से उदयपुर की ओर रवाना होंगे। इसके बाद आकस्मिक चेकिंग की कार्यवाही की गई।

गुप्ता ने बताया कि इस कार्यवाही में नेगड़िया श्रीनाथजी उदयपुर प्राइवेट लिमिटेड टोल प्लाजा पर सोमवार शाम को संदिग्ध वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन के डैशबोर्ड एवं कलोलिया की जामा तलाशी से कुल 28 हजार 110 नकद राशि बरामद हुई।

राशि के संबंध में पूछताछ करने पर उनके द्वारा कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया, जिस पर इस राशि को संदिग्ध मानते हुए जब्त कर लिया गया।कार्यवाही के दौरान प्राप्त तथ्यों के आधार पर एसीबी मुख्यालय के निर्देशानुसार संदिग्ध कलोलिया के निवास उदयपुर पर भी खानातलाशी की कार्यवाही की जा रही है।