श्रीगंगानगर में 8 साल की बालिका से पार्क में रेप के बाद हत्या का प्रयास

0

श्रीगंगानगर। राजस्थान में श्रीगंंगानगर जिले के पदमपुर शहर में पार्क में झूला झूलने गई आठ वर्षीय बालिका से एक युवक ने नशे की दवा खिलाकर दुष्कर्म किया और गला दबाकर उसकी हत्या का प्रयास किया। पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया, जबकि पीड़ित बालिका को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि यह घटना बुधवार दोपहर की है। बालिका अपने घर के नजदीक स्थित एक पार्क में झूला झूलने गई थी। पार्क में शिव मंदिर भी बना हुआ है। इसी दौरान आरोपी युवक वहां पहुंचा। वह बालिका को बहला-फुसलाकर पार्क के एक में एकांत स्थान पर ले गया।

आरोप है कि आरोपी ने बालिका को नशे की दवा खिलाई, उसके साथ गलत कार्य किया और फिर गला दबाकर उसे मारने की कोशिश की। बालिका की गर्दन पर खरोंच के निशान हैं और थोड़ा खून भी निकला हुआ था। घटना के बाद बालिका बेहोश अवस्था में पाई गई।

बालिका की मां को अपराह्न करीब साढ़े तीन बजे इस घटना की जानकारी मिली। परिवार के एक युवक ने फोन करके बताया कि उसकी गुड़िया बेहोश पड़ी हुई है। मां तुरंत मौके पर पहुंचीं और बेटी को पदमपुर के सरकारी अस्पताल ले गईं। चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे श्रीगंगानगर भेज दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस अधीक्षक हरिशंकर यादव ने बताया कि यह मामला बेहद गंभीर है। सूचना मिलते ही पूरे मामले को गंभीरता और लिया गया। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करके उसे पकड़ लिया गया है। आरोपी बालिग है।