अजमेर। भारत विकास परिषद महाराणा प्रताप शाखा के तत्वावधान में फॉयसागर रोड स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक बालिका विद्यालय में शुक्रवार सुबह ‘गुरु वंदन-छात्र अभिनंदन’ एवं ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में गुरुजनों का सम्मान कर विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण एवं नैतिक मूल्यों का संदेश दिया गया।
शाखा सचिव दीपक चोपड़ा ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य वक्ता अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक (एडीपीसी) चंद्रशेखर शर्मा ने गुरु वंदन की परंपरा का महत्व बताते हुए कहा कि गुरु हमें सही दृष्टि, उत्तम वाणी, अच्छी बातों को ग्रहण करने की क्षमता तथा श्रेष्ठ कर्म करने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से गुरुजनों के प्रति सम्मान बनाए रखने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के वरिष्ठ सहायक निदेशक प्रवीण कुमार शर्मा ने विद्यार्थियों को माता-पिता एवं बड़ों का सम्मान करने, उनके चरण स्पर्श करने तथा सदैव आदर-सत्कार की भावना रखने की सीख दी। वहीं डॉ. सुभाष माहेश्वरी ने प्रधानमंत्री के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की सराहना करते हुए भारत विकास परिषद महाराणा प्रताप शाखा द्वारा किए जा रहे सामाजिक एवं पर्यावरण संरक्षण के कार्यों की प्रशंसा की।
कार्यक्रम में महिला संगठन दयानंद कॉलोनी रामनगर की ओर से विद्यालय को चार पंखे भेंट किए गए तथा लगभग 400 छात्राओं को अल्पाहार वितरित किया गया। परिषद द्वारा विद्यालय के 45 गुरुजनों और 25 विद्यार्थियों को सम्मान स्वरूप प्रमाण-पत्र एवं तुलसी के पौधे प्रदान किए गए।
परिषद के विभोर गर्ग ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया, जबकि सुरेश राठी ने गुरु वंदन-छात्र वंदन अभियान की भावना से विद्यार्थियों को अवगत कराया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्रधानाचार्य सीमा सोनी ने सभी अतिथियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर लोकेश सोजतिया, ओमप्रकाश देवानी, विष्णु गोयल, विनोद डीडवानिया, चित्रेश लोढ़ा, डॉ. रजनीश सक्सेना, नीरज कोठारी, अंकुर तिलक गहलोत, संध्या काबरा, उमा काकानी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



