अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद जयपुर महानगर ने छात्रसंघ चुनाव के लिए किया प्रदर्शन

0

जयपुर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) जयपुर महानगर द्वारा छात्रसंघ चुनाव बहाल किए जाने की मांग को लेकर शुक्रवार को यहां राजकीय कन्या महाविद्यालय, किशनपोल जालूपुरा एवं राजकीय महाविद्यालय जयपुर में प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के बाद महाविद्यालय प्रशासन के माध्यम से राज्य सरकार के नाम ज्ञापन सौंपा गया। इससे पहले प्रदर्शन का नेतृत्व एबीवीपी जयपुर महानगर मंत्री केशव पारीक ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि छात्रसंघ चुनाव केवल प्रतिनिधि चुनने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, लोकतांत्रिक मूल्यों एवं उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं। लंबे समय से छात्रसंघ चुनाव स्थगित रहने के कारण विद्यार्थियों को अपने लोकतांत्रिक अधिकारों से वंचित होना पड़ रहा है।

एबीवीपी ने राज्य सरकार से अविलंब छात्रसंघ चुनाव की घोषणा कर लोकतांत्रिक परंपराओं को पुनः स्थापित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी हितों की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। यदि शीघ्र छात्रसंघ चुनाव की घोषणा नहीं की जाती है, तो एबीवीपी विद्यार्थियों के हित में अपने आंदोलन को और अधिक व्यापक एवं प्रभावी रूप देगी।