आबूरोड स्टेशन के पुनर्विकास और यात्री सुविधाओं का महाप्रबंधक ने लिया जायजा

0

आबूरोड। उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने शनिवार को अजमेर मंडल के आबूरोड रेलवे स्टेशन एवं डीजल शेड का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा, मुख्य परियोजना प्रबंधक अनूप शर्मा सहित मुख्यालय एवं मंडल के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक मिहिर देव ने बताया कि महाप्रबंधक ने आबूरोड स्टेशन पर प्रस्तावित पुनर्विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया और पार्किंग व्यवस्था का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। यात्री सुविधाओं के तहत वेटिंग हॉल, स्लीपर क्लास वेटिंग हॉल, अपर क्लास वेटिंग हॉल तथा एसी वेटिंग लाउंज का निरीक्षण किया और यात्रियों के बैठने एवं विश्राम की व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

महाप्रबंधक ने स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म और शौचालयों की स्वच्छता व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उन्होंने साफ-सफाई के उच्च मानक बनाए रखने के निर्देश दिए। स्टेशन पर उपलब्ध ड्रिंकिंग वाटर बूथ सहित यात्रियों के लिए शुद्ध पेयजल की व्यवस्था का भी जायजा लिया गया।

प्लेटफॉर्म पर संचालित केटरिंग स्टॉल एवं आईआरसीटीसी रिफ्रेशमेंट रूम का निरीक्षण करते हुए महाप्रबंधक ने खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, स्वच्छता तथा निर्धारित उचित मूल्य पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने यात्रियों की सुगम आवाजाही के लिए फुट ओवर ब्रिज और प्लेटफॉर्म पर सुरक्षा व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की।

इसके बाद रिटायरिंग रूम की व्यवस्थाओं तथा सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से आरपीएफ थाने का निरीक्षण किया गया। लोको पायलट एवं गार्डों के विश्राम के लिए बनाए गए रनिंग रूम में उपलब्ध सुविधाओं, भोजन व्यवस्था एवं लॉबी का निरीक्षण कर क्रू मेंबर्स की सुविधाओं में और सुधार के निर्देश दिए गए।

स्टेशन निरीक्षण के बाद महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में स्टेशन विकास परियोजनाओं की प्रगति, यात्री सेवाओं के विस्तार, स्वच्छता और संरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

इसके पश्चात महाप्रबंधक ने आबूरोड स्थित डीजल शेड का दौरा किया। यहां उन्होंने लोको रखरखाव व्यवस्था, तकनीकी सुविधाओं तथा संरक्षा मानकों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी ली।