तिजारा में नवजात को कुएं में फेंकने के मामले में मां-बेटा अरेस्ट

0
50 फीट गहरे कुएं में रोई नन्हीं जान, 3 महीने बाद रोंगटे खड़े करने वाला खुलासा, मां और बेटा अरेस्ट

खैरथल-तिजारा। राजस्थान में खैरथल-तिजारा जिले के तिजारा थाना क्षेत्र में पुलिस ने करीब तीन महीने पहले नवजात शिशु को पुराने सूखे कुएं में फेंककर जान से मारने के प्रयास के मामले में आरोपी मां और उसके पुत्र को गिरफ्तार किया है।

पुलिस सू्त्रों ने शनिवार को बताया कि दोनों आरोपियों ने नवजात बालिका को कुएं में फेंकने की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस दोनों से पूछताछ करके घटना के पीछे की वजह और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

थानाधिकारी जयप्रकाश ने बताया कि 12 मई को एक पुराने सूखे कुएं से नवजात बच्चा रोता हुआ मिला था। उसके चीखने-चिल्लाने की आवाजें सुनकर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से करीब 60 फुट गहरे कुएं से नवजात को बाहर निकाला। पुलिस के अनुसार नवजात बालिका करीब 12 से 24 घंटे पहले जन्मी हुई थी और कुएं से बाहर निकाले जाने के समय जीवित अवस्था में मिली।

पुलिस ने नवजात को तत्काल तिजारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार किया। बाद में उसे शिशु वार्ड में भर्ती करके उपचार किया गया। जांच के बाद पुलिस ने इस मामले में शहनाज और उसके बेटे साहिल को गिरफ्तार कर लिया।