बेंजामिन नेतन्याहू ने ट्रंप के गाजा संघर्ष को समाप्त करने वाले 15-सूत्रीय योजना को खारिज किया

0

यरूशलम। इज़राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने गाज़ा संघर्ष को समाप्त करने के लिए अमरीका समर्थित 15-सूत्रीय योजना को खारिज कर दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि जब तक हमास पूरी तरह से हथियार डालना स्वीकार नहीं कर लेता, तब तक इज़राइली सेना पीछे नहीं हटेगी। इसके साथ ही उन्होंने यह भी घोषणा की कि उनके प्रधानमंत्री रहते हुए कभी भी फ़िलिस्तीन राज्य की स्थापना नहीं होगी।

नेतन्याहू ने अमरीकी प्रस्ताव पर अपने पहले प्रत्यक्ष बयान में कहा कि इज़रायल इस 15-सूत्री दस्तावेज़ को अस्वीकार करता है। उन्होंने साफ कर दिया कि उनकी सरकार अमरीकी पहल के मुख्य बिंदुओं को स्वीकार नहीं करेगी।

दूसरी ओर, हमास ने अमरीका और मध्यस्थ देशों से अपील की है कि वे नेतन्याहू पर इस योजना का पालन करने का दबाव बनाएं। हमास के राजनीतिक ब्यूरो सदस्य बासेम नईम ने कहा कि मध्यस्थों और अमरीका को नेतन्याहू और उनकी सरकार पर दबाव डालना चाहिए ताकि वे आंतरिक राजनीतिक और चुनावी कारणों से इस प्रक्रिया में बाधा न डालें।

नेतन्याहू ने कहा कि अमरीकी प्रस्ताव की कुछ बातें इज़राइल को स्वीकार्य हैं और कुछ नहीं और इज़राइल अपनी बात पर कायम रहना जानता है। उन्होंने कहा कि गाज़ा या वेस्ट बैंक में फ़िलिस्तीनी राज्य नहीं बनने दिया जाएगा।

इजराइली प्रधानमंत्री के इस रुख से अमरीका के साथ तनाव बढ़ने की आशंका है। अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस रोडमैप को युद्ध खत्म करने और हमास को हथियार छोड़ने की योजना के तौर पर पेश किया था।

यह घटनाक्रम इज़राइल में अक्टूबर के अंत में होने वाले चुनावों से ठीक पहले सामने आया है। नेतन्याहू की दक्षिणपंथी सरकार पर अपने सहयोगियों का भारी दबाव है। इज़राइल के वित्त मंत्री बेज़ालेल स्मोट्रिच ने नेतन्याहू के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि इज़राइली सेना गाज़ा पट्टी से एक मिलीमीटर भी पीछे नहीं हट सकती।