मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों पर हमला करने का आरोप
हनुमानगढ़। राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में टोल प्लाजा पर मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। गोगामेड़ी थाना क्षेत्र में नोहर-भादरा मार्ग स्थित टोल प्लाजा पर बुधवार तड़के मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों ने कथित तौर पर टोल कर्मचारियों पर चाकू से हमला कर दिया। वारदात में एक कर्मचारी की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार घटना तड़के करीब तीन बजे की है। मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक गोगामेड़ी की तरफ से आए थे और टोल प्लाजा पार कर भादरा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान टोल कर्मचारियों ने उन्हें गलत लेन से निकलने पर रोक लिया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
कहासुनी के बाद चाकू से किया हमला
थाना प्रभारी जयप्रकाश झाझड़िया के मुताबिक गलत लेन से गुजरने को लेकर टोल कर्मचारियों और युवकों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी ने गंभीर रूप ले लिया और युवकों ने कर्मचारियों पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में दो टोल कर्मचारी घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक कर्मचारी ने दम तोड़ दिया। दूसरे घायल कर्मचारी का उपचार जारी है।
पुलिस जुटी आरोपियों की तलाश में
घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वारदात में शामिल मोटरसाइकिल सवार तीनों युवकों की भूमिका और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।



