नोएडा : पीजी में असम की युवती का शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका में जांच तेज

1

नोएडा। उत्तर प्रदेश में नोएडा सेक्टर-49 थाना क्षेत्र के बरौला स्थित एक पीजी के कमरे करीब 19 वर्षीय युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी।

पुलिस ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि युवती निजी नौकरी की तलाश में अपनी एक दोस्त के साथ क्षेत्र में आई हुई थी। जिस कमरे से उसका शव बरामद हुआ, वह युवती के ठहरने वाले कमरे के बगल में स्थित बताया जा रहा है। शव मिलने की सूचना के बाद पीजी में रहने वाले अन्य लोगों में भी हड़कंप मच गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फोरेंसिक टीम/फील्ड यूनिट को मौके पर बुलाया। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करते हुए वहां से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, जांच के दौरान कुछ महत्वपूर्ण साक्ष्य भी प्राप्त हुए हैं, जिनके आधार पर मामले की कड़ियों को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद युवती की मौत के वास्तविक कारण और परिस्थितियों के संबंध में स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।

घटना के संबंध में सेक्टर-49 थाना पुलिस द्वारा सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी की तलाश और घटना के खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं। पुलिस टीम घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, आसपास के लोगों से पूछताछ तथा अन्य उपलब्ध जानकारी के आधार पर जांच को आगे बढ़ा रही है।

पुलिस का कहना है कि मामले में सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। संदिग्धों की पहचान और उनकी भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस द्वारा जल्द से जल्द घटना का खुलासा करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आने वाले अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।