धौलपुर। मध्यप्रदेश में इंदौर जिले के सारंगपुर थाना क्षेत्र में आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 52 पर मऊ के पास सड़क दुर्घटना में कार में सवार धौलपुर के पुरानी सब्जी मंडी क्षेत्र के रेडीमेड कपड़ा व्यवसायी परिवार के मां, पुत्र और बहू की मौत हो जाने से धौलपुर में शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को मध्यप्रदेश पुलिस से मिली जानकारी के आधार पर बताया कि हादसे में चालक सहित दो लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने बताया कि उज्जैन महाकाल के दर्शन के लिए निकले हादसे के शिकार लोगों में मृतकों में सोमा (65), अंकुर (42) और अर्चना (40) शामिल हैं। घटना में निहाल (22) और कार चालक अब्दुल घायल हो गए। कार में अंकुर के दो पुत्र अंश (14) और तेजस (10) भी थे, जिन्हें कोई चोट नहीं है।
चालक आगे जा रही कार को ओवरटेक कर रहा था, तभी सड़क किनारे खड़े ट्रक से कार टकरा गई। मध्यप्रदेश पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।घायलों को पहले शाजापुर जिला अस्पताल ले जाया गया, वहां से उन्हें इंदौर भेज दिया गया।



