अलवर। राजस्थान में अलवर नगर निगम में सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति को लेकर चल रहा विवाद में बुधवार को उस समय बड़ा मोड़ आया जब वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा के सफाई कर्मचारियों के समर्थन में नगर निगम परिसर में धरने पर बैठते ही पांच सफाई कर्मचारियों को तुरंत नियुक्ति पत्र सौंप दिए गए।
नियुक्ति पत्र मिलने के बाद संजय शर्मा ने अपना धरना समाप्त कर दिया। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और अलवर सांसद एवं केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि बाकी पात्र सफाई कर्मचारियों को भी नियुक्ति दी जाएगी। उन्होंने बताया कि 16 अगस्त को गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के कार्यक्रम के दौरान पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। शर्मा ने स्पष्ट किया कि जो अभ्यर्थी पात्र हैं, उन्हें नियुक्ति से वंचित नहीं किया जाएगा।
इस बीच मंत्री के धरने पर बैठने के बाद पूरे मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया। मंत्री का अपनी ही सरकार में सफाई कर्मचारियों के समर्थन में धरने पर बैठना बड़ा संदेश माना गया और मामला राजधानी तक पहुंच गया। इसके बाद सरकार की ओर से तत्काल पांच कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र जारी किए गए। नियुक्ति पत्र सौंपे जाने के दौरान भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं ने खुशी जाहिर की, वहीं नियुक्ति पाने वाले सफाई कर्मचारियों के चेहरे पर भी खुशी साफ नजर आई।
संजय शर्मा ने धरना समाप्त करने के बाद न्यायालय की जमीन से जुड़े मामले में वकीलों को बैठने के लिए स्थान उपलब्ध कराने के मुद्दे पर भी जल्द सुखद परिणाम आने की बात कही। उन्होंने कहा कि इस मामले में भी जल्द समाधान निकाला जाएगा।



