दुर्लभ प्रजाति के लार गिब्बन को रखने के मामले में अभिनेता विक्रम विवादों में, वन विभाग ने थमाया नोटिस

0

चेन्नई। तमिलनाडु के लोकप्रिय अभिनेता विक्रम का विलुप्तप्राय वन्यजीव लार गिब्बन के साथ खेलते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद तमिलनाडु वन विभाग ने उन्हें नोटिस जारी किया है। विभाग ने अभिनेता से तीन दिनों के भीतर लिखित स्पष्टीकरण मांगा है कि उनके पास यह दुर्लभ प्रजाति का लंगूर कैसे पहुंचा।

विक्रम ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर यह वीडियो पोस्ट किया था, जिसे वन्यजीव प्रेमियों और संरक्षणवादियों के कड़े विरोध और विवाद के बाद उन्होंने हटा दिया। लार गिब्बन (हाइलोबेट्स लार), को ‘व्हाइट-हैंडेड गिब्बन’ (सफेद हाथों वाला गिब्बन) भी कहा जाता है। यह गिब्बन परिवार का एक अति संकटग्रस्त/विलुप्तप्राय जीव है। यह कन्वेंशन ऑन इंटरनेशनल ट्रेड इन एंडेंजर्ड स्पीशीज ऑफ वाइल्ड फ्लोरा एंड फॉना (साइट्स) की सूची-एक में सूचीबद्ध है।

इसके आयात के लिए साइट्स, तमिलनाडु के मुख्य वन्यजीव वार्डन की अनुमति के अलावा विदेश व्यापार महानिदेशक (डीजीएफटी) के आधिकारिक एवं अन्य दस्तावेजों की आवश्यकता होती है।

रिपोर्टों के अनुसार, इरोड जिले के एसके केसवनाथन को तीन गिब्बन (एक नर और दो मादा) मणिपुर के एक निवासी ने भेंट दिए थे। जब वन विभाग के अधिकारियों ने केसवनाथन के परिसरों की तलाशी ली, तो उन्हें वहां एक नर और एक मादा गिब्बन मिला। पूछताछ में उसने बताया कि उसने तीन गिब्बन गोद लेने के लिए आवेदन किया था, लेकिन दुर्भाग्य से एक मादा गिब्बन की मौत हो गई लेकिन इस मौत की जानकारी वन विभाग को भी नहीं।

बताया जाता है कि केसवनाथन ने ये गिब्बन चेन्नई के व्यवसायी और केविनकेयर नाम की संस्था के संस्थापक सीके रंगनाथन को सौंपे थे। रंगनाथन अभिनेता विक्रम के समधी हैं। वन्यजीव अधिकारी अब इस बात की गहन जांच कर रहे हैं कि ये गिब्बन तमिलनाडु कैसे पहुंचे और क्या इस प्रक्रिया में सभी वैधानिक नियमों का पालन किया गया या नहीं।

इस बीच, वन विभाग के अधिकारियों ने बुधवार शाम शूटिंग लोकेशन पर जाकर विक्रम से मुलाकात की और उन्हें नोटिस थमाया। अभिनेता को अधिकारियों के समक्ष पेश होने, तीन दिनों के अंदर लिखित जवाब देने और इसे रखने से जुड़े वैध दस्तावेज जमा करने का निर्देश दिया गया है। रिपोर्टों में कहा गया है कि चेन्नई में रंगनाथन से जुड़े परिसरों की भी जांच की जाएगी।