दुबई में भीलवाड़ा के युवक से रंगदारी के मामले में इनामी आरोपी जयपुर में अरेस्ट

0

जयपुर/भीलवाड़ा। दुबई में भीलवाड़ा के मुकेश टेलर के साथ मारपीट और रंगदारी वसूलने के मामले में राजस्थान में भीलवाड़ा के सुभाषनगर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 25 हजार रुपए के इनामी आरोपी को जयपुर में गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपी की पहचान भवानी नगर निवासी रज्जाक मोहम्मद उर्फ भूरा चाचा के रूप में हुई है। वह दुबई से भारत लौटने के बाद अलग-अलग स्थानों पर छिपकर रह रहा था।

उन्होंने बताया कि दुबई में मुकेश टेलर के साथ मारपीट और रंगदारी की घटना के बाद भीलवाड़ा में उसकी पत्नी से 40 लाख रुपए का चेक वसूलने मामला सामने आया था।

इस मामले में प्रॉपर्टी कारोबारी योगेश मुंदड़ा, मोइन और श्रवण उर्फ दादा की पहले ही गिरफ्तारी हो चुकी है तथा फरार रज्जाक मोहम्मद उर्फ भूरा चाचा की पुलिस लगातार तलाश कर रही थी। पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी जयपुर में छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस दल ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया और भीलवाड़ा लेकर आई।

आरोपी पर पुलिस अधीक्षक की ओर से 25 हजार रुपए का इनाम घोषित था। इस मामले में शामिल आरोपियों की अग्रिम जमानत याचिका भी खारिज हो चुकी है, जबकि दो आरोपियों को पहले उच्च न्यायालय से जमानत मिल चुकी है।