अजमेर। धार्मिक एवं पवित्र आस्था के पर्व हरियाली अमावस्या के अवसर पर राजगढ़ धाम स्थित चक्की वाले बाबा मंदिर परिसर में राजा-रानी के कल्पवृक्ष जोड़े की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। चम्पालाल महाराज ने सपरिवार मंत्रोच्चारण के साथ पूजा संपन्न कराई। इस दौरान राजा-रानी को वस्त्र धारण करवाकर रक्षासूत्र बांधा गया तथा प्रसाद का भोग लगाकर आरती की गई।
पूजा के बाद श्रद्धालुओं ने कल्पवृक्ष जोड़े की परिक्रमा कर सुख-समृद्धि एवं सुखद जीवन की कामना की। महिलाओं ने कल्पवृक्ष के जोड़े पर रक्षासूत्र बांधकर परिवार की खुशहाली के लिए आशीर्वाद मांगा। श्रद्धालुओं और ग्रामीणों ने हरियाली अमावस्या का पर्व उत्साह एवं श्रद्धाभाव के साथ मनाया।
राजगढ़ धाम पर आयोजित रविवारीय मेले के दौरान भी हजारों श्रद्धालु कल्पवृक्ष जोड़े की परिक्रमा कर अपनी मनोकामनाएं मांगते हैं। हरियाली अमावस्या पर वृक्षारोपण के विशेष महत्व को देखते हुए राजगढ़ धाम परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में ‘हरियालो राजस्थान’ अभियान के तहत लगातार पौधरोपण किया जा रहा है।
चम्पालाल महाराज ने धाम पर आने वाले श्रद्धालुओं से अपील की कि पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के लिए प्रत्येक व्यक्ति अपने-अपने क्षेत्र में कम से कम पांच वृक्ष अवश्य लगाए। उन्होंने कहा कि धार्मिक आस्था के साथ प्रकृति संरक्षण भी समाज की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम एवं धाम की व्यवस्थाओं में ओमप्रकाश सेन, अविनाश सेन, राहुल सेन, रमेश सेन, कैलाश चन्द, ताराचन्द, कपिल सेन, सागर सेन, मुकेश सेन, यश, मिलन, युवराज, वैभव, भव्य, मिताली, वंशिका, बुलबुल, विष्णुकान्ता, पुष्पा, डिम्पल, खुशबू, रेखा, राजकुमार त्रिपाठी, राजकुमार, अमिताभ, नवल किशोर, विनय भट्ट, कैलाश सेन, विष्णु सेन, राजू चावड़ा सहित अन्य श्रद्धालुओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।


