उज्जैन। मध्यप्रदेश की धार्मिक नगरी उज्जैन में नागपंचमी पर्व पर वर्ष में एक दिन 24 घंटे के लिए खुलने वाले भगवान नागचंद्रेश्वर मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच भगदड़ एवं अव्यवस्था की प्रसारित हो रही खबरों का श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति ने खंडन किया है।
मंदिर प्रबंध समिति की ओर से जारी विज्ञप्ति में बताया गया कि मीडिया एवं सामाजिक माध्यमों पर मंदिर में अफरातफरी और अव्यवस्था संबंधी भ्रामक खबरें प्रसारित की जा रही हैं। समिति ने इन खबरों का पूर्णतः खंडन किया है।
समिति के अनुसार नागपंचमी, सावन सोमवार और भगवान श्री महाकालेश्वर की सवारी एक ही दिन होने के कारण श्रद्धालुओं की संख्या अत्यधिक रही। इसके बावजूद श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम दर्शन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं।
विज्ञप्ति के अनुसार सोमवार दोपहर तक करीब 6.19 लाख श्रद्धालु भगवान के दर्शन कर चुके थे। विभिन्न मार्गों पर लंबी कतारों के बावजूद दर्शन व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित की गई।



