चित्तौड़गढ़ : सीएनबी ने बाड़मेर ले जाई जा रही 18 किलोग्राम से अधिक अवैध अफीम पकड़ी

0

चित्तौड़गढ़। राजस्थान में केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीएनबी) ने चित्तौड़गढ़ में एक कार से 18 किलोग्राम से अधिक अवैध अफीम जब्त की।

नारकोटिक्स विभाग के आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को बताया कि एक एसयूवी में अफीम की बड़ी खेप चित्तौड़गढ़ के बड़ीसादड़ी से बाड़मेर क्षेत्र की ओर ले जाने की सूचना मिली थी। जिस पर चित्तौड़गढ़ कार्यालय के दल ने संदिग्ध मार्गों परर नाकाबंदी की। नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध कार के चालक ने दल को देखकर अचानक दिशा बदलकर तेज गति से गाड़ी दौड़ाई।

सूत्रों ने बताया कि दल के पीछा करने पर कार में सवार लोग कार को बोहडा गांव के पास छोड़कर अंधेरे का लाभ उठाकर भाग गए। दल ने कार की तलाशी ली तो उसमें अफीम से भरे 19 प्लास्टिक पैकेट मिले। अफीम का कुल वजन 18 किलो 200 ग्राम निकला। विभाग कार चालक और मालिक की पहचान के प्रयास कर रहा है।

गुजरात ले जाई जा रही अवैध शराब एवं बीयर बरामद

चित्तौड़गढ़ जिले के मंगलवाड़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक मिनी ट्रक में भरकर अवैध रूप से गुजरात ले जायी जा रही अवैध शराब और बीयर बरामद की है।पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बुधवार को बताया कि थानाधिकारी भवानीशंकर ने मुखबिर से सूचना मिलने पर नाकाबंदी करके नारायणपुरा टोल से पहले एक ट्रक को रूकवाकर उसकी तलाशी ली तो उसमें पुराने बिस्कीट के बॉक्स की आड़ में ट्रक के कन्टेनर में छुपाकर ले जाई जा रही विभिन्न ब्रांड की कुल 505 अंग्रेजी शराब की पेटियां बरामद हुई। उन्होंने बताया कि ट्रक चालक रिंकु कुम्हार निवासी भिवानी (हरियाणा) को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस अवैध शराब की बाजार में कीमत करीब 60 लाख रुपए आंकी गई है।