मोहाली में नाबालिग किशोरी को उसके घर में घुसकर जिंदा जलाया

0

मोहाली। पंजाब के मोहाली में एक नाबालिग किशोरी को घर में घुसकर जिंदा जलाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवक अपने दो साथियों के साथ किशोरी के घर पहुंचा और उस पर सैनिटाइजर छिड़ककर आग लगा दी और कमरे को बाहर से बंद कर फरार हो गए।

गंभीर रूप से झुलसी किशोरी को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। पीड़िता के पिता के अनुसार आरोपी युवक काफी समय से किशोरी पर उससे बात करने का दबाव बना रहा था और रास्ते में कई बार छेड़छाड़ भी कर चुका था। करीब एक महीने पहले परिवार ने इसकी शिकायत पुलिस से की थी। उस समय आरोपी ने माफी मांग ली थी।

आरोपी किशोरी के घर पहुंचा और उसे उसके चाचा के कमरे में बंद कर दिया। चाचा ने विरोध करते हुए हाथापाई के बाद किशोरी को उसके कब्जे से छुड़ा लिया। इसके बाद किशोरी के पिता और चाचा काम पर चले गए।

आरोप है कि उनके जाने के बाद युवक अपने दो साथियों के साथ दोबारा घर पहुंचा। उस समय किशोरी घर में अकेली थी। तीनों ने उसे घेर लिया और मुख्य आरोपी ने उस पर सैनिटाइजर छिड़ककर आग लगा दी। आग लगने के बाद किशोरी की चीखें सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे। कमरे का दरवाजा बाहर से बंद था। पड़ोसियों ने परिजनों को सूचना दी।

परिजनों ने ताला तोड़कर किशोरी को बाहर निकाला। आग से उसका करीब 80 फीसदी शरीर झुलस गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सभी आरोपी फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश देकर उनकी तलाश कर रही है।