बिलासपुर : गंदगी के बीच मिक्स केक निर्माण, प्रबल फूड प्रोडक्ट का लाइसेंस निलंबित

0

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने दुलानी, ढेंका स्थित प्रबल फूड प्रोडक्ट में निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर फर्म का लाइसेंस निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत की गई है।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन के अभिहित अधिकारी आर आर देवांगन ने आज बताया कि जांच के दौरान फर्म में मिक्स केक का निर्माण किया जा रहा था। निर्माण स्थल पर साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं पाई गई। परिसर में गंदगी और अव्यवस्था के साथ फर्श पर नमी भी मिली। खाद्य सामग्री तैयार करने में प्लास्टिक के बर्तनों का इस्तेमाल किया जा रहा था, जिसे स्वास्थ्य की दृष्टि से हानिकारक पाया गया।

उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान फर्म के पास उपयोग किए जा रहे पानी की टेस्ट रिपोर्ट और पेस्ट कंट्रोल सर्टिफिकेशन भी उपलब्ध नहीं था। इन कमियों और खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप व्यवस्था नहीं मिलने के बाद प्रबल फूड प्रोडक्ट का लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई की गई। फर्म संचालक को आवश्यक सुधार करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने यह कार्रवाई ‘खाबो बने, रहिबो बने 2.0’ अभियान के तहत की। निरीक्षण दल में अभिहित अधिकारी आर आर देवांगन, खाद्य सुरक्षा अधिकारी अविषा मरावी और खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रतीक तिवारी मौजूद थे।