औरैया। उत्तर प्रदेश में औरैया जिले की दिबियापुर थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर महिला से दुष्कर्म करने के मामले में फरार चल रहे एक एयरफोर्स कर्मी को गिरफ्तार किया है।
आरोपी की पहचान राणानगर निवासी मंगलम पोरवाल (26) पुत्र अजय पोरवाल के रूप में हुई है, जो वर्तमान में अपनी तैनाती स्थल से छुट्टी पर आया हुआ था। पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को असैनी पुलिया के पास से हिरासत में लिया।
आधिकारिक सूत्रों ने सोमवार को बताया कि पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आरोपी से उसकी मुलाकात एक वैवाहिक वेबसाइट (मैट्रिमोनियल साइट) के जरिए हुई थी। शादी की बातचीत आगे बढ़ने के नाम पर आरोपी उसे अलग-अलग जगहों पर घुमाने ले जाता रहा और संबंध बनाए।
जब उसने शादी करने से साफ इंकार कर दिया, तो पीड़िता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद दबाव में आकर मंगलम ने अपने माता-पिता की उपस्थिति में पीड़िता से कोर्ट मैरिज तो कर ली, लेकिन शादी के बाद भी उसने महिला को साथ रखने से मना कर दिया और धोखा देता रहा।
बार-बार मिले धोखे के बाद पीड़िता की तहरीर पर दिबियापुर थाने में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 69, 352 और 351(2) के तहत मामला दर्ज किया गया था। उपनिरीक्षक राजीव कुमार, हेड कांस्टेबल अनिल कुमार और कांस्टेबल मोहित कुमार की टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले में शामिल अन्य वांछितों की तलाश जारी है।



