पिथौरागढ़। उत्तराखंड के पिथौरागढ़ के धारचूला में भारतीय स्टेट बैंक के शाखा प्रबंधक को पेट्रोल छिड़ककर जिंदा जलाने वाले सुरक्षा गार्ड को अदालत ने दोषी पाते हुए आजीवन कारावास की सजा के साथ 40 हजार रुपए का अर्थदंड भी आरोपित किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 06 मई 2023 को धारचूला में एसबीआई के सुरक्षा गार्ड ने अपनी ही शाखा के प्रबंधक पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी थी। इस हादसे में बैंक मैनेजर बुरी तरह से जल गये थे और उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने भगवानपुर, देहरादून निवासी दीपक क्षेत्री के खिलाफ हत्या और आगजनी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार को सौंपी गई। साथ ही 06 अगस्त 2023 को आरोप पत्र दाखिल किया गया।
अभियोजन पक्ष की ओर से प्रभावी पैरवी के साथ ही ठोस तथ्य अदालत में पेश किए गए। अंत में पिथौरागढ़ के सत्र न्यायाधीश धनंजय चतुर्वेदी ने अभियुक्त को दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास और 40 हजार रुपए अर्थदंड की सजा सुनाई। अर्थदंड अदा न करने पर चार माह अतिरिक्त सजा का प्रावधान किया गया है।



