चंडीगढ़। भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त पंजाब अनूसूचित जाति (एससी) मोर्चा अध्यक्ष शीतल अंगुराल ने शुक्रवार को पंजाब भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अपने नये दायित्व का कार्यभार संभाल लिया।
पंजाब भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के.एस. ढिल्लों ने उन्हें कार्यालय में औपचारिक रूप से कुर्सी पर बैठाकर बधाई दी और सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर एससी मोर्चा के राष्ट्रीय महासचिव संजय निर्मल, पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय सांपला, पूर्व एससी मोर्चा अध्यक्ष एसआर लद्धड़, राष्ट्रीय सचिव संतोष सिंह गुमटाला, भाजपा पंजाब के प्रदेश मीडिया प्रमुख विनीत जोशी सहित मोर्चे के पदाधिकारी, जिला स्तर के नेता और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
ढिल्लों ने शीतल अंगुराल को मेहनती, सक्रिय और जमीनी स्तर से जुड़े नेता बताते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में एससी मोर्चा पंजाब के प्रत्येक हिस्से में भाजपा संगठन को और मजबूत करने के लिए प्रभावी ढंग से काम करेगा। उन्होंने अंगुराल को मोर्चे के पूर्व अध्यक्षों और वरिष्ठ नेताओं के अनुभव एवं सहयोग का लाभ उठाने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि पंजाब और देश की प्रगति में अनुसूचित जाति समुदाय का महत्वपूर्ण योगदान है। भाजपा श्री गुरु रविदास जी और बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के संदेशों से प्रेरणा लेते हुए सामाजिक समरसता, समानता और सामाजिक न्याय के लिए काम कर रही है।
ढिल्लों ने कहा कि श्री गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर देशभर में ‘समरसता संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। इसके तहत गुरु रविदास जी की जन्मस्थली की पवित्र मिट्टी लेकर कलश यात्रा विभिन्न क्षेत्रों में पहुंच रही है। उन्होंने एससी मोर्चा से ऐसे सामाजिक और सेवा कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
पंजाब सरकार पर निशाना साधते हुए श्री ढिल्लों ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी सरकार ने राज्य को हर मोर्चे पर पीछे धकेला है। उन्होंने कहा कि नशे, कानून-व्यवस्था और गैंगस्टरवाद की स्थिति चिंताजनक है तथा युवा, किसान, मजदूर, कर्मचारी और शिक्षक समेत समाज का हर वर्ग सरकार के प्रदर्शन से निराश है।
उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनावों को देखते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी बढ़ गयी है। कार्यकर्ताओं को एक ओर पंजाब सरकार की कथित जनविरोधी नीतियों और विफलताओं को जनता के सामने रखना होगा, वहीं केंद्र की भाजपा सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी लोगों तक पहुंचानी होगी।
ढिल्लों ने कहा कि एससी मोर्चा को पार्टी के प्रत्येक कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करनी होगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर शुरू किये जा रहे सेवा संकल्प अभियान में भी मोर्चे की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गरीब और जरूरतमंद लोगों तक केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए काम करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि यदि एससी मोर्चा जमीनी स्तर पर पूरी ताकत से काम करे और कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों के साथ लगातार संपर्क बनाये रखें तो 2027 में पंजाब में मजबूत भाजपा सरकार बनाने का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
कार्यभार संभालने के बाद शीतल अंगुराल ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि वह उन्हें सौंपी गई, जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाएंगे। उन्होंने विश्वास दिलाया कि एससी मोर्चा पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को जमीनी स्तर तक पहुंचाने तथा 2027 में पंजाब में भाजपा सरकार बनाने के लिए पूरी ताकत से कार्य करेगा।



