नसीराबाद। अजमेर जिले की 70वीं जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता अंडर-14 छात्र एवं छात्रा वर्ग का आयोजन इस बार बाघसुरी स्थित कनक पब्लिक स्कूल में किया जाएगा। प्रतियोगिता का आयोजन 23 से 26 सितंबर तक होगा। प्रतियोगिता को लेकर आयोजकों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
कनक पब्लिक स्कूल के निदेशक चंद्र शेखर शर्मा ने बताया कि जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में अजमेर जिले की करीब 125 टीमें भाग लेंगी। छात्र-छात्राओं के बीच होने वाले मुकाबलों में खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा और दमखम का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता को लेकर विद्यालय परिसर में आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों / टीम का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा। ऐसे में जिला स्तरीय मुकाबले खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा साबित करने और आगे बढ़ने का महत्वपूर्ण अवसर होंगे। आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के लिए खेल मैदान, आवास, भोजन सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही है।



