अजमेर। जन्मदिन को जरूरतमंदों के बीच खुशियां बांटकर मनाने की प्रेरणादायी पहल के तहत भाविता जैन का जन्मदिन शास्त्री नगर स्थित दृष्टिहीन बालिकाओं के आवासीय विद्यालय लाडली घर में मनाया गया। इस अवसर पर 42 दिव्यांग बालिकाओं को मिष्ठान युक्त शुद्ध एवं सात्विक भोजन कराकर सेवा की गई।
श्री दिगम्बर जैन महासमिति महिला एवं युवा महिला संभाग अजमेर की गोधा गवाड़ी इकाई के तत्वावधान में आयोजित इस सेवा कार्यक्रम में महासमिति की राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष मधु पाटनी अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। मंत्री सुषमा पाटनी ने बताया कि पूजा अरविंद सेठी के सहयोग से बालिकाओं के लिए भोजन की व्यवस्था की गई।
कार्यक्रम की शुरुआत नन्ही भाविता जैन के माल्यार्पण और केक कटिंग के साथ हुई। इस दौरान लाडली घर की बालिकाओं ने बधाई गीत गाकर भाविता के जन्मदिन को खास बनाया और उसके स्वस्थ, सुखमय एवं दीर्घायु जीवन की मंगलकामना की। इसके बाद सामूहिक रूप से णमोकार मंत्र का उच्चारण किया गया।
सेवा कार्य के दौरान मधु पाटनी, अरविंद सेठी, पूजा सेठी, सुषमा पाटनी, रेनू पाटनी एवं भाविता सेठी ने स्वयं बालिकाओं को भोजन परोसा। जन्मदिन के इस आयोजन ने बालिकाओं के बीच आत्मीयता और खुशियों का माहौल बना दिया।



