अजमेर। अग्रकुल प्रवर्तक महाराजा श्री अग्रसेन जी की 5150वीं जयंती के उपलक्ष्य में अजमेर में भव्य महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। श्री अग्रसेन जयंती महोत्सव समिति के तत्वावधान में 2 अक्टूबर से 13 अक्टूबर तक 12 दिनों में 21 कार्यक्रम आयोजित होंगे। महोत्सव के दौरान वाहन रैली, खेलकूद प्रतियोगिताएं, सांस्कृतिक आयोजन, रक्तदान शिविर और धार्मिक कार्यक्रमों के जरिए समाज में उत्साह और एकजुटता का माहौल बनेगा। जयंती का मुख्य आयोजन 11 अक्टूबर को होगा।
समिति के मुख्य संयोजक अशोक पंसारी एवं लोकेश अग्रवाल ने बताया कि महोत्सव के कार्यक्रमों की जानकारी समाजबंधुओं तक पहुंचाने के लिए आकर्षक रंगीन निमंत्रण पत्र एवं कार्यक्रम पुस्तिका प्रकाशित कराई गई है। इसकी विधिवत शुरुआत धार्मिक परंपराओं के अनुसार की गई। प्रथम पूज्य भगवान श्री गणेश, महाराजा अग्रसेन, मां लक्ष्मी और मां सरस्वती की पूजा-अर्चना कर उन्हें निमंत्रण पत्रिका अर्पित की गई। इसके बाद समाजबंधुओं को निमंत्रण पत्रिका वितरित करने का सिलसिला शुरू हुआ।
वाहन रैली और ध्वजारोहण से होगा आगाज
महोत्सव का शुभारंभ 2 अक्टूबर को शाम 4 बजे वाहन रैली एवं ध्वजारोहण के साथ होगा। इसके बाद 3 अक्टूबर को महिला खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। 4 अक्टूबर को मस्ती की पाठशाला, शतरंज प्रतियोगिता और महिला सांस्कृतिक प्रतियोगिता होगी।
5 अक्टूबर को ड्राइंग-पेंटिंग प्रतियोगिता के साथ अग्रसेन मेले का आयोजन होगा। 6 अक्टूबर को अग्रसेन क्विज और म्यूजिकल हाउजी, जबकि 7 अक्टूबर को कैरम प्रतियोगिता, सम्मान समारोह एवं हेलो जिंदगी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
8 अक्टूबर को महाराजा अग्रसेन क्रिकेट प्रतियोगिता और महाआरती होगी। 9 अक्टूबर को प्रभात फेरी के साथ महारानी माधवी क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। वहीं, 10 अक्टूबर को रक्तदान शिविर और किसमें कितना है दम कार्यक्रम होगा।
11 अक्टूबर को निकलेगी भव्य शोभायात्रा
महाराजा अग्रसेन जी की जयंती के अवसर पर 11 अक्टूबर को भव्य जुलूस एवं शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसके अगले दिन 12 अक्टूबर को भजन क्लबिंग एंड कॉन्सर्ट का आयोजन होगा। 13 अक्टूबर को सामूहिक भोजन प्रसादी के साथ 12 दिवसीय महोत्सव का समापन किया जाएगा।
समाजबंधुओं से सपरिवार शामिल होने की अपील
कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अग्रवाल पाठशाला सभा एवं जयंती महोत्सव समिति के पदाधिकारी तैयारियों में जुटे हैं। इस अवसर पर अग्रवाल पाठशाला सभा के अध्यक्ष सीताराम गोयल, उपाध्यक्ष प्रेम प्रकाश गोयल एवं शिव शंकर फतेहपुरिया, सचिव गोपाल गोयल कांच वाला, अशोक पंसारी, लोकेश अग्रवाल, विष्णु मंगल, दिनेश प्रणामी, राकेश हटूका, शैलेंद्र अग्रवाल, राजेंद्र मित्तल, मनीष गोयल, अनुपम गोयल, राजेंद्र अग्रवाल एवं अगम प्रसाद मित्तल सहित अन्य समाजबंधु उपस्थित रहे।
समिति पदाधिकारियों एवं अग्रवाल पाठशाला सभा के प्रतिनिधियों ने समाज के सभी बंधुओं, मातृशक्ति और युवा साथियों से महोत्सव के कार्यक्रमों में सपरिवार बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।



