पुष्कर। तीर्थनगरी पुष्कर की आईडीएसएमटी कॉलोनी में रामदेवरा जाने वाले जातरुओं की सेवा के लिए आयोजित 19वें वार्षिक भंडारे का सोमवार को विधिवत समापन हुआ। भाद्रपद शुक्ल पक्ष दशमी के अवसर पर आयोजित समापन कार्यक्रम में पुष्कर के संतों को भोजन कराया गया। इस दौरान भजन-कीर्तन का भी आयोजन हुआ।
जोगणिया धाम के संस्थापक ज्योतिषाचार्य भंवरलाल ने बताया कि जोगणिया धाम पुष्कर से जुड़े श्रद्धालुओं की ओर से प्रत्येक वर्ष भाद्रपद मास में रामदेवरा जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए भंडारा लगाया जाता है। यह सेवा कार्य पिछले 18 वर्षों से लगातार संचालित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि यह भंडारा स्वर्गीय प्रभाती मेघवंशी की स्मृति में आयोजित किया जाता है। प्रभाती मेघवंशी पंडी बांयासा महाराज, बाबूगढ़-कमला बावड़ी, अजमेर से जुड़े रही थीं। उनकी याद में शुरू की गई यह सेवा अब लगातार 19वें वर्ष तक पहुंच गई है।
भंडारे के दौरान रामदेवरा जाने वाले जातरुओं के लिए भोजन एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था धाम के श्रद्धालुओं की ओर से की जाती है। आयोजकों के अनुसार सेवा और धार्मिक भावना से जुड़े इस आयोजन में हर वर्ष बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी सहयोग करते हैं।
समापन अवसर पर संतों एवं श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन में भाग लिया। इसके बाद संतों को भोजन कराया गया और धार्मिक विधि-विधान के साथ भंडारे का समापन किया गया। आयोजकों ने सेवा कार्य से जुड़े सभी श्रद्धालुओं एवं सहयोगकर्ताओं का आभार जताया।



