अजमेर के शास्त्री नगर में ठाकुर जी की रेवाडी धूमधाम से निकाली

0

अजमेर। जल झूलनी एकादशी के अवसर पर अजमेर के शास्त्री नगर में धार्मिक आस्था और भक्ति का अनूठा नजारा देखने को मिला। श्री सिद्धेश्वर महादेव मंदिर समिति की ओर से ठाकुरजी की रेवाड़ी धूमधाम से निकाली गई। गाजे-बाजे के साथ निकली रेवाड़ी में क्षेत्रवासी और समिति सदस्य भजन-कीर्तन करते हुए शामिल हुए। श्रद्धालुओं ने ठाकुरजी की प्रतिमाओं का जल विहार कराया और पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की।

समिति अध्यक्ष डॉ. एसडी मिश्रा और सचिव दीपक भार्गव ने बताया कि रेवाड़ी शाम करीब 4 बजे श्री सिद्धेश्वर महादेव मंदिर से रवाना हुई। शोभायात्रा पार्क नंबर 4, पावर हाउस मार्ग से होते हुए ज्योति डेयरी के पीछे, पोस्ट ऑफिस मार्ग, अवंती बाई मार्ग और मेहंदी खोला मार्ग से पार्क नंबर 2 पहुंची।

रेवाड़ी के मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने ठाकुरजी के दर्शन किए। धर्मप्रेमियों ने पूजा-अर्चना के साथ पुष्पवर्षा कर रेवाड़ी का स्वागत किया। पूरे मार्ग में भक्ति गीतों और जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

पार्क नंबर दो में हुआ ठाकुरजी का मिलाप

शाम करीब 6 बजे पार्क नंबर दो में श्री सिद्धेश्वर महादेव मंदिर और शिव मंदिर शॉपिंग सेंटर के ठाकुरजी की रेवाड़ियों का मिलाप हुआ। दोनों रेवाड़ियों की प्रतिमाओं को कुछ समय विश्राम कराने के बाद जल विहार कराया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में मौजूद श्रद्धालुओं ने धार्मिक आयोजन का आनंद लिया और ठाकुरजी के दर्शन किए।

जल विहार की रस्म पूरी होने के बाद दोनों रेवाड़ियां वापस मंदिर की ओर रवाना हुईं। मंदिर पहुंचने पर पं. शिव कुमार जोशी ने विधिवत महाआरती कराई। आरती के बाद श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया और आयोजन का समापन हुआ।

आयोजन को सफल बनाने में प्रमोद लाहोटी, राजेश दाधीच, दिनेश सोनी, अजय गोयल, सुरेश केवरलमानी, बैजनाथ शर्मा, महेश अग्रवाल, ओम प्रकाश खंडेलवाल, नथमल मिश्रा, गौरव खंडेलवाल, अशोक जोशी, रविप्रकाश शर्मा और भूदेव शर्मा सहित समिति सदस्यों एवं क्षेत्रवासियों का सहयोग रहा।