नसीराबाद बस स्टैंड तक क्यों नहीं जातीं सभी रोडवेज बसें?

0

भीलवाड़ा रूट की बसें बाईपास से निकल रहीं
अजमेर। नसीराबाद क्षेत्र में रोडवेज बस सेवाओं की बदहाल स्थिति से यात्रियों में लगातार नाराजगी बढ़ रही है। अजमेर से भीलवाड़ा मार्ग पर संचालित अधिकांश रोडवेज बसें नसीराबाद बस स्टैंड पहुंचे बिना ही बाईपास से निकल जाती हैं। इसके चलते नसीराबाद और आस पास के ग्रामीणों को बसों के लिए परेशान होना पड़ता है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पिछले करीब पांच वर्षों से अजमेर-नसीराबाद लोकल रोडवेज बस सेवा भी बंद पड़ी है।

वर्तमान में कोटा और उदयपुर रूट पर चलने वाली कुछ बसें ही अजमेर से रवाना होने के बाद नसीराबाद बस स्टैंड पहुंचती हैं। बताया जा रहा है कि प्रतिदिन नसीराबाद से करीब 50 से अधिक रोडवेज बसों का आवागमन होना चाहिए, लेकिन वास्तविकता में महज 15 से 20 बसें ही बस स्टैंड तक पहुंच रही हैं। इनमें से भी कुछ बसें स्टैंड के भीतर निर्धारित बुकिंग विंडो तक आने के बजाय बाहर से ही यात्रियों को लेकर निकल जाती हैं।

सबसे अधिक परेशानी ग्रामीण क्षेत्र के यात्रियों को उठानी पड़ रही है। नसीराबाद से बाघसूरी गांव के बीच चलने वाली बस सेवा भी करीब पांच वर्षों से बंद है। इस सेवा को दोबारा शुरू करने की मांग को लेकर ग्रामीणों की ओर से कई बार आंदोलन कर मांग उठाई, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ।

स्थानीय लोगों का कहना है कि नसीराबाद अजमेर-भीलवाड़ा मार्ग का महत्वपूर्ण कस्बा है। यदि रोडवेज बसों को निर्धारित मार्ग से संचालित किया जाए और बस स्टैंड पर पर्याप्त बसों का ठहराव सुनिश्चित हो तो क्षेत्र के लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा मिल सकती है। इससे नसीराबाद का व्यापार और आवागमन भी गति पकड़ सकता है।

लोगों ने राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर अजमेर-नसीराबाद लोकल तथा नसीराबाद-बाघसूरी बस सेवा शुरू करने, अजमेर से बांदनवाडा तक चलने वाली ई बस को बाघसूरी गांव रूट तक लाने और भीलवाड़ा रूट की सभी बसों का बस स्टैंड पर स्टापेज सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही बसों के बाईपास से निकलने के कारणों की जांच की मांग भी उठाई गई है।