अजमेर : गणेश गुवाड़ी में गणेशोत्सव की धूम, भजनों पर झूमे श्रद्धालु

20

अजमेर। गणेशोत्सव के पावन अवसर पर शहर के पंचशील नगर में गणेश गुवाड़ी स्थित गणेश मंदिर में बुधवार को भक्तिमय भजन संध्या का आयोजन किया गया। धार्मिक उल्लास और श्रद्धा से सराबोर इस आयोजन में क्षेत्र के श्रद्धालुओं, कॉलोनी के प्रमुख कार्यकर्ताओं और गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर गणपति बप्पा के जयकारों से गुंजायमान रहा।

भजन संध्या में स्थानीय एवं आमंत्रित कलाकारों ने भगवान श्री गणेश की महिमा का गुणगान करते हुए एक से बढ़कर एक भक्ति गीतों और भजनों की प्रस्तुतियां दीं। मधुर भजनों ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर कर दिया। भजनों की धुन पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूमते नजर आए। मंदिर परिसर में ‘जय गणेश’ और ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों से वातावरण पूरी तरह आध्यात्मिक और भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान श्री गणेश के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। भजन संध्या ने क्षेत्र में गणेशोत्सव की खुशियों और भक्ति के माहौल को और अधिक उल्लासपूर्ण बना दिया।

महाआरती में उमड़े श्रद्धालु, प्रसादी ग्रहण कर मांगा सुख-समृद्धि का आशीर्वाद

भजन संध्या के समापन पर भगवान श्री गणेश की भव्य महाआरती की गई। इसमें उपस्थित श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से भाग लेकर परिवार और समाज की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं मंगलकामना के लिए प्रार्थना की। इसके पश्चात सभी भक्तों को प्रसादी वितरित की गई। श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर भगवान गणेश का आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस अवसर पर मुकेश सिंह राठौड़, अखिल भारतीय बाबा रामदेव रुणिचा समिति के जिला अध्यक्ष अशोक राठी, हिमांशु, शुभम, भारत, विक्रम सिंह, लाला राम, राजेंद्र, यशु, मुरली, रामधन, यशराज विदावत, सूर्य प्रकाश भाटी, छोटू सिंह, महावीर सिंह राठौड़, शिवराज सिंह पदमपुरा, गोपाल दास, रामकरण, मिठू, कपिल, कपिल कौशिक, कपिल पारिक और भंवर सिंह भाटी सहित अनेक कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।