अलवर। राजस्थान के अलवर जिले के बड़ौदामेव में गुरुवार को एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। बड़ौदामेव पुलिस थाने के मुख्य द्वार के बाहर एक युवक पर पत्थर से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। हमले में गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतक की पहचान शैकुन के रूप में हुई है। घटना गुरुवार दोपहर करीब एक बजे की बताई जा रही है। उस समय शैकुन पुलिस थाने के गेट के पास मौजूद था। इसी दौरान वहां लोगों को डरा रहा एक मानसिक रोगी अचानक आक्रामक हो गया और उसने शैकुन के सिर पर पत्थर से ताबड़तोड़ वार कर दिए।
अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गंभीर चोट लगने के कारण शैकुन लहूलुहान होकर गिर पड़ा। उसे तत्काल उपचार के लिए अलवर अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
थाने के बाहर हुई वारदात से मचा हड़कंप
पुलिस थाने के मुख्य द्वार के बाहर हुई इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। युवक की मौत की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और आरोपी युवक को दस्तयाब कर लिया। हत्या के बाद स्थानीय ग्रामीणों व परिजनों ने आक्रोशित होकर अलवर-भरतपुर मार्ग व अलवर जिला अस्पताल के बाहर प्रदर्शन शुरू कर दिया। लोगों ने प्रकरण में एसआईटी गठित करने की मांग भी की।
मृतक के परिजन ने बताया कि सैकून खान खेती-बाड़ी का काम करता था। घटना के दौरान वह बड़ौदामेव गांव में खेती में उपयोग होने वाली दवाइयां खरीदने के लिए गया था। इस दौरान वहां एक युवक ने पत्थर से वार कर उसकी हत्या कर दी। उन्होंने कहा कि सैकून सीधा साधा था, उसकी किसी से कोई रंजिश नहीं थी। परिजनों ने बताया कि मृतक के तीन बच्चे है।



