अजमेर महापौर अनामिका शर्मा एवं उप महापौर हेमंत सांखला ने किया पदभार ग्रहण

1

अजमेर। अजमेर नगर निगम की नवनिर्वाचित महापौर अनामिका शर्मा और उप महापौर हेमन्त सांखला ने गुरुवार को पंचशील स्थित नए भवन में आयोजित कार्यक्रम में पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण समारोह में उप मुख्यमंत्री एवं अजमेर प्रभारी दिया कुमारी ने महापौर एवं उप महापौर को पदभार ग्रहण करवाया।

उप मुख्यमंत्री एवं अजमेर प्रभारी दिया कुमारी ने नवनिर्वाचित महापौर अनामिका शर्मा एवं उप महापौर हेमंत सांखला को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि अजमेर की जनता ने पुनः सेवा का अवसर देकर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। जनता के विश्वास और अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए अजमेर के विकास को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत की दिशा में आगे बढ़ रहा है तथा मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान को विकसित प्रदेश बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में अब अजमेर को भी विकसित अजमेर बनाने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ना है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में ट्रिपल इंजन सरकार के माध्यम से विकास कार्यों को गति देने का अवसर मिला है। इसका लाभ अजमेर को भी मिलेगा। उन्होंने कहा कि जिले की प्रभारी मंत्री होने के नाते अजमेर से जुड़े विकास कार्यों और जनसमस्याओं के समाधान के लिए वे जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर कार्य करेंगी। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक प्रयासों से अजमेर को विकास की नई दिशा प्रदान की जा सकती है।

जनसमस्याओं का त्वरित समाधान प्राथमिकता : महापौर अनामिका

पदभार ग्रहण करने के बाद नवनिर्वाचित महापौर अनामिका शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा, उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी सहित अजमेर की जनता एवं कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि अजमेर की जनता ने जो विश्वास व्यक्त किया है, वह उनके लिए बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी नवनिर्वाचित पार्षदों से मिलकर आगामी पांच वर्षों में अजमेर के विकास को गति देने तथा शहर का नाम देश के पटल पर स्थापित करने के लिए सामूहिक प्रयास करने का आग्रह किया।

महापौर शर्मा ने कहा कि विकास कार्यों के साथ-साथ आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान नगर निगम की प्राथमिकता रहेगा। उन्होंने विशेष रूप से आवासीय पट्टों से संबंधित समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से भी जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने का आग्रह किया।

महापौर ने कहा कि अजमेर के विकास के लिए पार्षदों, निगम प्रशासन, कर्मचारियों तथा आमजन के सहयोग से कार्ययोजना तैयार कर उसे प्रभावी रूप से लागू किया जाएगा। शहर की मूलभूत सुविधाओं, स्वच्छता, सड़क, पार्किंग, जल निकासी, आवासीय पट्टों तथा अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े विषयों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्य किया जाएगा।

इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष सरिता गैना, कलक्टर लोक बन्धु, पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अगरवाला, निगम आयुक्त गौरव बुढानिया सहित जन प्रतिनिधि, पार्षदगण, अधिकारी एवं आमजन उपस्थित रहे।