श्री अग्रोहा बंधु पश्चिम क्षेत्र संस्था के चुनाव में अजय अग्रवाल अध्यक्ष निर्वाचित

0

अजमेर। श्री अग्रोहा बंधु पश्चिम क्षेत्र संस्था अजमेर के द्विवार्षिक चुनाव में अजय अग्रवाल ने अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। उन्होंने 115 मत प्राप्त कर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी राजेंद्र प्रसाद मित्तल को 37 मतों से हराया। महासचिव पद पर राजेंद्र अग्रवाल और कोषाध्यक्ष पद पर प्रमोद कुमार बंसल निर्वाचित हुए। चुनाव में कुल 207 सदस्यों ने मतदान किया।

नंदिनी पैलेस, पुष्कर रोड पर रविवार को आयोजित आमसभा के बाद निर्वाचन अधिकारियों एडवोकेट गणेशीलाल अग्रवाल और जगदीश चंद ऐरन की देखरेख में चुनाव प्रक्रिया संपन्न हुई। अध्यक्ष पद के लिए अजय अग्रवाल, महेंद्र जैन मित्तल और राजेंद्र प्रसाद मित्तल ने नामांकन दाखिल किया था। हालांकि महेंद्र जैन मित्तल ने बाद में चुनाव मैदान से हटने की घोषणा कर दी थी, इसके बावजूद उन्हें चार मत मिले। राजेंद्र प्रसाद मित्तल को 78 मत मिले, जबकि 10 मत निरस्त किए गए।

महासचिव पद पर राजेंद्र अग्रवाल की जीत

महासचिव पद के चुनाव में राजेंद्र अग्रवाल ने 121 मत हासिल कर जीत दर्ज की। उनके प्रतिद्वंद्वी सतीश कुमार गोयल को 73 मत मिले। इस पद पर 13 मत निरस्त किए गए।

कोषाध्यक्ष पद पर प्रमोद कुमार बंसल निर्वाचित हुए। उन्हें 145 मत मिले, जबकि चेतन प्रकाश मित्तल को 44 मत प्राप्त हुए। इस पद के लिए दाखिल तीन नामांकनों में विभोर गर्ग का नामांकन तकनीकी कारणों से निरस्त कर दिया गया था। चुनाव में 18 मत निरस्त हुए।

दो साल के कामकाज का रखा ब्यौरा

चुनाव से पहले संस्था की साधारण सभा की बैठक अध्यक्ष पूर्व पार्षद शैलेंद्र अग्रवाल की अध्यक्षता में हुई। बैठक में महासचिव अजय अग्रवाल ने पिछली आमसभा की कार्यवाही का विवरण पढ़कर सुनाया, जिसे सदस्यों ने अनुमोदित किया। उन्होंने संस्था की ओर से पिछले दो वर्षों में किए गए कार्यों और गतिविधियों का प्रतिवेदन भी प्रस्तुत किया।

वर्ष 2025-26 का लेखा-जोखा भी सभा में रखा गया, जिसे सदस्यों ने अनुमोदित किया। अध्यक्ष शैलेंद्र अग्रवाल ने अपने दो वर्षीय कार्यकाल के दौरान सहयोग देने वाले पदाधिकारियों, कार्यकारिणी सदस्यों, सेक्टर प्रभारियों और सक्रिय सदस्यों का आभार जताया।

1496 वर्ग गज जमीन का मामला हाईकोर्ट में

आमसभा में संस्था को राज्य सरकार की ओर से आवंटित 1496 वर्ग गज जमीन से जुड़े मामले की जानकारी भी दी गई। पूर्व अध्यक्ष शैलेंद्र अग्रवाल ने बताया कि राज्य सरकार ने जमीन आवंटन का फैसला निरस्त कर दिया था। संस्था ने इस निर्णय के खिलाफ राजस्थान हाईकोर्ट का रुख किया, जहां से स्टे प्राप्त हुआ है। मामला फिलहाल हाईकोर्ट में विचाराधीन है। सदस्यों ने पिछले दो वर्षों में संस्था की ओर से आयोजित कार्यक्रमों और गतिविधियों के लिए तत्कालीन कार्यकारिणी के प्रयासों की सराहना की।

पार्षद निर्वाचित होने पर विनोद डीडवानिया का स्वागत

आमसभा के दौरान संस्था के सदस्य विनोद डीडवानिया के पार्षद निर्वाचित होने पर भी उनका स्वागत किया गया। संस्था संरक्षक चेतनराज सर्राफ ने माल्यार्पण कर उन्हें बधाई दी।

बैठक की शुरुआत श्री अग्रसेन भगवान की तस्वीर के समक्ष माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इस अवसर पर संरक्षक चेतनराज सर्राफ, सह संरक्षक ओमप्रकाश गर्ग, पूर्व अध्यक्ष शैलेंद्र अग्रवाल, महासचिव अजय अग्रवाल, दीपचंद श्रीया, एडवोकेट गणेशीलाल अग्रवाल, जगदीश चंद ऐरन, राजेंद्र प्रसाद मित्तल, अशोक गोयल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष महेंद्र जैन मित्तल सहित अन्य पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।