अजमेर में भाजपा ने निकाली लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ पदयात्रा

0

SIR के समर्थन में उतरे नेता और कार्यकर्ता; कांग्रेस पर साधा निशाना
अजमेर। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा के मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी ने गुरुवार को अजमेर में शक्ति प्रदर्शन किया। भाजपा शहर एवं देहात जिला के संयुक्त तत्वावधान में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत विशाल पदयात्रा और जनसभा आयोजित की गई। इसमें राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी, कैबिनेट मंत्री सुरेश सिंह रावत, प्रदेश महामंत्री मिथिलेश गौतम सहित भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

सूचना केंद्र (अग्रसेन सर्किल) पर आयोजित जनसभा के बाद भारत माता के जयकारों और पार्टी के नारों के बीच पदयात्रा शुरू हुई। हाथों में तिरंगा, भाजपा के झंडे और SIR के समर्थन में लिखी तख्तियां लेकर कार्यकर्ता शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरे। रास्ते में व्यापारिक संगठनों और स्थानीय नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर पदयात्रा का स्वागत किया। पदयात्रा का समापन राजकीय संग्रहालय (अजमेर किला) के सामने हुआ।

घनश्याम तिवाड़ी ने कांग्रेस पर लगाए लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने के आरोप

जनसभा के मुख्य वक्ता राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी ने निर्वाचन आयोग के गठन, उसकी कार्यप्रणाली और देश में लोकतांत्रिक व्यवस्था के ऐतिहासिक घटनाक्रमों का उल्लेख किया। उन्होंने आपातकाल के दौरान अपने व्यक्तिगत अनुभव साझा करते हुए बताया कि उस दौर में उन्हें भी कई महीनों तक जेल में रहना पड़ा था और यातनाएं सहनी पड़ी थीं।

तिवाड़ी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस जनादेश का सम्मान करने के बजाय निर्वाचन आयोग और अन्य संवैधानिक संस्थाओं की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाकर राजनीतिक माहौल को प्रभावित करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता का फैसला सर्वोपरि है और राजनीतिक विरोध के नाम पर अराजकता का वातावरण पैदा करना उचित नहीं है।

उन्होंने कहा कि भाजपा का उद्देश्य लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक संस्थाओं और निर्वाचन व्यवस्था की गरिमा की रक्षा करना है। तिवाड़ी ने अपने संबोधन में आपातकाल के अनुभवों और लोकतंत्र की मजबूती के लिए हुए संघर्षों का भी जिक्र किया।

हर जिले में चल रहा अभियान : मिथिलेश गौतम

भाजपा प्रदेश महामंत्री मिथिलेश गौतम ने कहा कि ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत देश और प्रदेश के विभिन्न जिलों में पदयात्राओं, जनसभाओं और जनसंवाद कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इन कार्यक्रमों के माध्यम से पार्टी लोकतांत्रिक संस्थाओं और निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर अपना पक्ष जनता तक पहुंचा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाकर जनता के बीच भ्रम की स्थिति पैदा कर रही है। भाजपा लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक संस्थाओं के सम्मान के लिए प्रतिबद्ध है।

जनता का विश्वास भाजपा की पूंजी : ओमप्रकाश भड़ाना

देवनारायण बोर्ड के अध्यक्ष ओमप्रकाश भड़ाना ने कहा कि लोकतंत्र में जनता का विश्वास किसी भी राजनीतिक दल की सबसे बड़ी पूंजी है। भाजपा जनता की आकांक्षाओं के अनुरूप काम करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था और संवैधानिक मूल्यों को मजबूत बनाए रखने के लिए सभी की भागीदारी जरूरी है। कार्यक्रम में सुरेश सिंह रावत, शहर जिलाध्यक्ष रमेश सोनी, देहात भाजपा अध्यक्ष जीतमल प्रजापति, विधायक रामस्वरूप लांबा और विधायक वीरेंद्र सिंह कानावत ने भी विचार व्यक्त किए। सभा का संचालन वंदना नोगिया ने किया।

इंडिया मोटर्स से नया बाजार तक व्यापारियों ने किया स्वागत

जनसभा के बाद सूचना केंद्र से शुरू हुई पदयात्रा इंडिया मोटर सर्किल पहुंची, जहां व्यापारियों ने पुष्पवर्षा कर नेताओं और कार्यकर्ताओं का स्वागत किया। इसके बाद कचहरी रोड पर स्थानीय नागरिकों और व्यापारिक संगठनों ने अभिनंदन किया। गांधी भवन पर व्यापार महासंघ की ओर से स्वागत किया गया। पुरानी मंडी और नया बाजार के व्यापारियों ने भी पदयात्रा में शामिल नेताओं एवं कार्यकर्ताओं पर पुष्पवर्षा की। पूरे मार्ग में भाजपा कार्यकर्ता SIR के समर्थन में नारेबाजी करते हुए आगे बढ़े। राजकीय संग्रहालय के सामने पदयात्रा के समापन पर महापौर अनामिका शर्मा ने अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और आमजन का आभार जताया।

भाजपा के कई जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी रहे मौजूद

पदयात्रा में उपमहापौर हेमंत सांखला, संपत सांखला, सुभाष चौधरी, प्रियशील हाड़ा, अरविंद यादव, किशन सोनगरा, रोहन बाकोलिया, जिला महामंत्री राजेश घाटे, राजेश शर्मा, सतीश बंसल, विक्रम सिंह, सीताराम शर्मा, दीपक भाकर, चंद्रेश सांखला, मनेंद्र सिंह, मदन फौजी, मोनिका सुईवाल, गजेंद्र शर्मा, विवेक रावत, लाल सिंह रावत, अंकित गुर्जर, विकास लालवानी, देवेश मालू, रचित कच्छावा और सर्वेश बजाज सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी, पार्षद और कार्यकर्ता शामिल हुए।