अजमेर। त्योहारों की खुशियां समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने और जरूरतमंद परिवारों के चेहरों पर मुस्कान लाने के उद्देश्य से सामाजिक संस्था डिफेंडर्स ऑफ फेथ ने सेवा अभियान चलाया। इसके तहत अजमेर सहित राजस्थान के छह शहरों में जरूरतमंद बच्चों और परिवारों को मिठाई एवं पटाखे वितरित किए गए। संस्था के सदस्यों ने बच्चों के साथ समय बिताकर उनके बीच त्योहार की खुशियां साझा कीं।
अजमेर में संस्था की टीम ने जीसीए कॉलेज के बाहर स्थित झाड़ू वालों की बस्ती, परबतपुरा की झाड़ू वालों की बस्ती तथा परबतपुरा की ढोल वालों की बस्ती में पहुंचकर बच्चों और उनके परिवारों को मिठाई एवं पटाखे बांटे। उपहार पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली। इस दौरान संस्था के सदस्यों ने बच्चों के साथ पटाखे जलाकर उत्सव में सहभागिता निभाई।
छह शहरों में पहुंचा सेवा अभियान
संस्था के सचिव ने बताया कि यह पहल केवल अजमेर तक सीमित नहीं रही। डिफेंडर्स ऑफ फेथ की ओर से किशनगढ़, कोटा, जयपुर, उदयपुर और जोधपुर में भी जरूरतमंद परिवारों तक मिठाई और पटाखे पहुंचाए गए। राजस्थान के इन छह शहरों में अभियान के दौरान मिठाई वितरित की गई।
उन्होंने बताया कि संस्था का उद्देश्य त्योहारों के अवसर पर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों और जरूरतमंद बच्चों को भी खुशियों में शामिल करना है। संस्था समय-समय पर सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से जरूरतमंद लोगों की सहायता का प्रयास करती है।
ये सदस्य रहे मौजूद
अजमेर में आयोजित वितरण कार्यक्रम में संस्था के शहर अध्यक्ष विकास उबाना के साथ तुषार मंगल, यश, भूपेंद्र, तुषार तंवर, राहुल मेहरा, शिवम, विशाल और ललित सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। संस्था के सदस्यों ने कहा कि त्योहारों का वास्तविक आनंद तभी है, जब समाज के प्रत्येक वर्ग तक खुशियां पहुंचें और जरूरतमंद बच्चों को भी उत्सव का हिस्सा बनने का अवसर मिले।



