अजमेर। आर्य समाज की वैदिक परंपरा, विचारधारा और सामाजिक चेतना को समर्पित अजमेर का तीन दिवसीय ऋषि मेला इस बार विशेष महत्व के साथ आयोजित किया जाएगा। परोपकारिणी सभा अजमेर के तत्वावधान में 13 से 15 नवंबर तक पुष्कर मार्ग स्थित ऋषि उद्यान में ऋषि मेला-2026 का आयोजन होगा। इस वर्ष मेला महान आर्य समाजी संत एवं स्वतंत्रता सेनानी स्वामी श्रद्धानंद सरस्वती के बलिदान के 100 वर्ष पूरे होने के अवसर पर उन्हें समर्पित रहेगा।
आयोजकों के अनुसार स्वामी श्रद्धानंद के बलिदान शताब्दी वर्ष (1926-2026) को केंद्र में रखकर इस बार मेले की गतिविधियों और वैचारिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई है। आयोजन का उद्देश्य स्वामी श्रद्धानंद के जीवन, उनके सामाजिक सुधार कार्यों, शिक्षा के क्षेत्र में योगदान और राष्ट्र के प्रति समर्पण को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है।
ऋषि मेला के प्रचार-प्रसार के लिए परोपकारिणी सभा की ओर से अजमेर शहर के प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर होर्डिंग लगाए गए हैं। सभा के प्रतिनिधि विभिन्न स्थानों पर आर्य समाज से जुड़े संगठनों और लोगों को मेले में शामिल होने का निमंत्रण भी दे रहे हैं।
सभा मंत्री कन्हैयालाल आर्य के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल की ओर से पाली में भी आर्य समाज के पदाधिकारियों को मेले का निमंत्रण दिया गया। वहां आयोजित बैठक में बड़ी संख्या में आर्यजनों के अजमेर पहुंचने की सहमति जताई गई।
इस बार मेले में स्वामी श्रद्धानंद के व्यक्तित्व और कृतित्व पर केंद्रित विभिन्न वैचारिक सम्मेलन आयोजित होंगे। इनमें गुरुकुल परंपरा के संरक्षण, स्वतंत्रता आंदोलन में उनकी भूमिका, शुद्धि आंदोलन में योगदान, महात्मा गांधी के साथ उनके संबंध, परोपकारिणी सभा से जुड़ाव तथा आर्य समाज के प्रचार-प्रसार में उनके योगदान जैसे विषयों पर विद्वान अपने विचार रखेंगे।
मेले में वैदिक परंपरा और आर्य समाज की गतिविधियों को आमजन तक पहुंचाने के लिए विशेष कार्यक्रम भी होंगे। इनमें श्री गजानंद आर्य स्मृति वेद गोष्ठी, वेद कंठस्थीकरण प्रतियोगिता, स्वामी श्रद्धानंद के जीवन पर आधारित नाटक और प्रदर्शनियां प्रमुख आकर्षण रहेंगे। इसके अलावा इच्छुक लोगों को परंपरानुसार वानप्रस्थ एवं संन्यास आश्रम की दीक्षा भी दी जाएगी।
ऋषि मेले में आर्य जगत के प्रमुख प्रकाशकों की ओर से वैदिक एवं आर्य साहित्य की पुस्तकें तथा उद्यमियों की ओर से यज्ञ संबंधी उपकरण भी उपलब्ध कराए जाएंगे। देश के विभिन्न क्षेत्रों से विद्वानों, संतों, आर्य समाज के प्रतिनिधियों और श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
मेले को इस बार 143वें ऋषि मेला आयोजन के रूप में भी प्रचारित किया जा रहा है। आयोजन में महर्षि दयानंद सरस्वती के विचारों और स्वामी श्रद्धानंद के सामाजिक एवं राष्ट्रीय योगदान को जोड़ते हुए आर्य समाज की वैचारिक विरासत को आगे बढ़ाने पर विशेष जोर रहेगा।



