बनेवड़ा ग्राम पंचायत की नव निर्वाचित सरपंच शीला देवी ने पदभार संभाला

10

नसीराबाद/बनेवड़ा। नसीराबाद के समीपवर्ती ग्राम पंचायत बनेवड़ा की नव निर्वाचित सरपंच शीला देवी ने बुधवार को विद्यालय परिसर स्थित चेतना केंद्र में आयोजित समारोह के दौरान विधिवत पद एवं गोपनीयता की शपथ लेकर पदभार ग्रहण किया। नई ग्राम पंचायत के गठन और निर्वाचित प्रतिनिधियों के कार्यभार संभालने को लेकर ग्रामीणों में उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि नई पंचायत गांव की वर्षों पुरानी समस्याओं का समाधान कर विकास कार्यों को नई गति देगी।

शपथ ग्रहण समारोह से पहले नव निर्वाचित सरपंच शीला देवी का ग्रामीणों ने जुलूस के रूप में पंचायत मुख्यालय पहुंचने पर स्वागत किया। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक रीति-रिवाजों के बीच फीता काटकर ग्राम पंचायत के नए कार्यालय में प्रवेश किया गया। समारोह में शीला देवी ने पदभार संभालते हुए गांव के सर्वांगीण विकास, पारदर्शी पंचायत व्यवस्था और ग्रामीणों की समस्याओं के प्राथमिकता से निराकरण का संकल्प व्यक्त किया।

कार्यक्रम में आसपास की ग्राम पंचायतों के सरपंच, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक शामिल हुए। भाजपा नेता कैलाश लांबा ने नवगठित ग्राम पंचायत और ग्रामीणों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पंचायत क्षेत्र के विकास के लिए जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों को आपसी समन्वय के साथ काम करना चाहिए। जिला परिषद में कांग्रेस और भाजपा से जुड़े प्रतिनिधियों ने भी समारोह में पहुंचकर नई पंचायत को बधाई दी तथा विकास कार्यों में सहयोग का भरोसा दिलाया।

पेयजल संकट को लेकर महिलाओं ने उठाई आवाज

समारोह के दौरान गांव की महिलाओं ने पेयजल समस्या को प्रमुखता से उठाते हुए नई सरपंच के समक्ष अपनी परेशानी रखी। महिलाओं ने कहा कि गांव में पानी की समस्या से लोगों को लंबे समय से जूझना पड़ रहा है। उन्होंने इसका अस्थायी नहीं, बल्कि स्थायी समाधान करवाने की मांग की।

इस पर सरपंच प्रतिनिधि ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि पेयजल संकट के समाधान को प्राथमिकता दी जाएगी और संबंधित विभागों से समन्वय कर जल्द स्थायी समाधान के प्रयास किए जाएंगे।