
अजमेर। दीपावली पर्व के बाद गोवर्धन पूजा और अन्नकूट महोत्सव की धार्मिक परंपरा के तहत श्री अग्रवाल पंचायत गंज धड़े के तत्वावधान में श्री लक्ष्मीकांत भगवान मंदिर में अन्नकूट महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना, आकर्षक श्रृंगार, भजन-कीर्तन और महाआरती के आयोजन हुए। बड़ी संख्या में समाजबंधुओं और श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान के दर्शन किए तथा सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
महोत्सव के अवसर पर मंदिर के पुजारी पंडित जगदीश प्रसाद शर्मा एवं उनके परिवार की ओर से श्री लक्ष्मीकांत भगवान सहित मंदिर परिसर में विराजित शिव परिवार, राधा-कृष्ण, राम दरबार, माताजी, बालाजी और अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमाओं का विशेष एवं मनोहारी श्रृंगार किया गया। मंदिर में सजे देव विग्रहों के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।
450 वर्ष पुराना है लक्ष्मीकांत भगवान का मंदिर
मंदिर के पुजारी पं. जगदीश प्रसाद शर्मा ने बताया कि श्री लक्ष्मीकांत भगवान का यह मंदिर करीब 450 वर्ष पुराना है। मंदिर की विशेष धार्मिक पहचान यहां विराजित लक्ष्मीकांत भगवान की अनूठी प्रतिमा है। उनके अनुसार यह ऐसा विशिष्ट मंदिर है, जहां भगवान लक्ष्मीकांत गरुड़ पर विराजमान हैं और उनकी गोद में माता लक्ष्मी विराजित हैं। इस दुर्लभ स्वरूप के दर्शन श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहते हैं।
अन्नकूट महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन के माध्यम से भक्ति रस का आनंद लिया। इसके बाद विधिवत आरती की गई और भगवान को अन्नकूट यानी कदम भोग अर्पित किया गया। आरती के पश्चात उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
कार्यक्रम में श्री अग्रवाल पंचायत गंज धड़े के अध्यक्ष कैलाशचंद गोयल, सचिव प्रदीप बंसल, कोषाध्यक्ष अनिल कुमार मित्तल, उपाध्यक्ष शैलेन्द्र अग्रवाल, प्रदीप अग्रवाल, प्रवीण अग्रवाल, रमेशचंद मालवीय, राजेश गुप्ता, विनोद अग्रवाल, अनिल गर्ग, राकेश गुप्ता, रामबाबू अग्रवाल, सुभाष अग्रवाल, किशन गोपाल बंसल, राधेश्याम गोयल, आदित्य गर्ग, सुशील मित्तल, राहुल गोयल, मनीष बंसल, मनीष अग्रवाल और घनश्याम गोयल सहित बड़ी संख्या में समाज के सदस्य एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।


