भीलवाड़ा के मांडल में अनूठी परंपरा : गोवर्धन पूजा पर कुम्हार समाज ने किया गधों का पूजन, निकाली सवारी

0

भीलवाड़ा। राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के मांडल कस्बे में गोवर्धन पूजा के अवसर पर कुम्हार समाज ने अपनी करीब सात दशक पुरानी अनूठी परंपरा को श्रद्धा और उत्साह के साथ निभाया। देश के अधिकांश हिस्सों में इस अवसर पर गाय और बैलों की पूजा की जाती है, वहीं मांडल में कुम्हार समाज अपने आजीविका के पुराने साथी गधों की पूजा कर उनके प्रति कृतज्ञता प्रकट करता है। प्रताप नगर स्थित कुम्हारों के मोहल्ले में आयोजित इस कार्यक्रम को देखने के लिए आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।

परंपरा के अनुसार समाज के लोगों ने गधों को नहलाकर साफ किया और रंग-बिरंगे रंगों, फूलों की मालाओं से आकर्षक ढंग से सजाया। इसके बाद विधि-विधान से तिलक लगाकर उनकी पूजा-अर्चना की गई तथा गुड़ और मिठाई खिलाकर मुंह मीठा कराया गया। पूजा के बाद बाजे-गाजे और आतिशबाजी के बीच गधों की सवारी निकाली गई। पारंपरिक गधा दौड़ भी आयोजन का प्रमुख आकर्षण रही।

गधों से जुड़ी है कुम्हार समाज की आजीविका की पुरानी कहानी

मांडल में निभाई जाने वाली इस परंपरा के पीछे कुम्हार समाज का गधों के साथ पुराना आर्थिक और सामाजिक संबंध जुड़ा हुआ है। पहले मिट्टी के बर्तन बनाने के लिए तालाबों और अन्य स्थानों से मिट्टी लाने तथा तैयार बर्तनों को बाजार तक पहुंचाने में गधे महत्वपूर्ण भूमिका निभाते थे। उस समय परिवहन के आधुनिक साधन उपलब्ध नहीं होने के कारण ये पशु कुम्हार परिवारों की आजीविका के प्रमुख सहायक हुआ करते थे।

समय के साथ परिवहन के साधनों में बदलाव आया और मिट्टी ढोने के लिए गधों पर निर्भरता कम होती चली गई, लेकिन समाज ने अपने पुराने सहयोगियों के प्रति सम्मान और आभार की परंपरा को समाप्त नहीं होने दिया।

करीब 70 साल से निभाई जा रही वैशाख नंदन पूजा

स्थानीय निवासी गोपाल कुम्हार के अनुसार मांडल में वैशाख नंदन पूजा की परंपरा लगभग 70 से 71 वर्षों से चली आ रही है। पहले लगभग हर कुम्हार परिवार के पास गधे होते थे और वे उनके कामकाज का अहम हिस्सा थे। अब आधुनिक साधनों के कारण गधों की संख्या और उपयोगिता में कमी आई है, लेकिन समाज आज भी अपने पूर्वजों की इस परंपरा को पूरी श्रद्धा से आगे बढ़ा रहा है।