जयपुर में हिस्ट्रीशीटर विजय बाजिया की सरेराह कुल्हाड़ी से हत्या,  4 आरोपी अरेस्ट

0

जयपुर। राजधानी जयपुर के करधनी थाना क्षेत्र में बुधवार रात जोबनेर के हिस्ट्रीशीटर विजय बाजिया की सरेराह घेरकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने पहले कैंपर गाड़ी से उसकी फॉर्च्यूनर को टक्कर मारकर रोका और फिर गाड़ी से उतरकर भागने की कोशिश कर रहे विजय पर कुल्हाड़ी तथा लाठी-डंडों से हमला कर दिया। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गुरुवार तड़के चार मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार घटना बुधवार रात करीब आठ बजे करधनी थाना क्षेत्र के जगदंबा नगर इलाके में हुई। जोबनेर निवासी विजय बाजिया अपनी टोयोटा फॉर्च्यूनर से जयपुर आ रहा था। इसी दौरान कैंपर में सवार चार से छह हमलावरों ने उसका पीछा किया और गाड़ी को टक्कर मारकर रोक दिया। जान बचाने के लिए विजय ने भागने का प्रयास किया, लेकिन हमलावरों ने उसे घेर लिया और धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ वार किए। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई।

सात साल पुरानी रंजिश से जुड़ रहे हत्या के तार

प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश सामने आई है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, पुलिस इस वारदात को वर्ष 2019 में हुए कैलाश गोल्या हत्याकांड से जोड़कर देख रही है। आरोप है कि उस मामले में विजय बाजिया की भूमिका थी और अब कैलाश के बेटे ने अपने साथियों के साथ मिलकर पिता की हत्या का बदला लेने के लिए वारदात को अंजाम दिया। पुलिस जांच में इस पहलू की पड़ताल की जा रही है।

चार मुख्य आरोपी गिरफ्तार, कैंपर भी बरामद

जयपुर पश्चिम पुलिस ने मामले में तेजी दिखाते हुए गुरुवार तड़के चार मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल कैंपर वाहन भी बरामद कर लिया है। अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की जांच जारी है। घटनास्थल और आसपास के वीडियो तथा सीसीटीवी फुटेज के आधार पर भी जांच की गई। पुलिस के मुताबिक, विजय बाजिया जोबनेर थाने का हिस्ट्रीशीटर था और उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज थे। डीसीपी पश्चिम प्रशांत किरण के नेतृत्व में पुलिस टीम मामले की आगे की जांच कर रही है।