अजमेर। श्री मानस मंडल पट्टी कटला की ओर से नया बाजार स्थित मानस मंडल भवन में अन्नकूट महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ आयोजित किया गया। धार्मिक आयोजन में भजन-कीर्तन, संकीर्तन और भगवान के अन्नकूट प्रसाद के बीच पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और महिला समिति की सदस्यों ने भाग लेकर धर्मलाभ प्राप्त किया।
महोत्सव के तहत शाम 4 बजे से मानस मंडल महिला समिति की किरण वर्मा और उनकी सहयोगी महिलाओं ने भजनों की प्रस्तुति देकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद शाम 6 बजे प्रसिद्ध भजन गायक अशोक तोषनीवाल एवं संकीर्तन मंडल ने भक्ति संगीत की ऐसी स्वर लहरियां बिखेरीं कि श्रद्धालु भजनों में रम गए।
अशोक तोषनीवाल ने ‘जहां ले चलोगे वहां मैं चलूंगा’, ‘मेरा दिल चुरा लिया है ओ नंद के दुलारे’ और ‘राधा नाम बड़ो सुखदाई’ सहित कई लोकप्रिय भजनों की प्रस्तुति दी। उनके मधुर भजनों पर उपस्थित श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण तोषनीवाल का बांसुरी वादन रहा। इस दौरान उनके चार वर्षीय पौत्र कृशिव तोषनीवाल ने तबले पर संगत कर अपनी प्रतिभा से उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
समारोह में नवनिर्वाचित पार्षद रश्मि शर्मा और हेमलता जाटव का दुपट्टा पहनाकर तथा माल्यार्पण कर अभिनंदन किया गया। वहीं भजन गायक अशोक तोषनीवाल, उनके साथियों और कार्यक्रम में पहुंचे श्रद्धालुओं का भी दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया गया।
कार्यक्रम के समापन पर भगवान की आरती की गई। इसके बाद भगवान को अन्नकूट और दही के चावल का भोग अर्पित किया गया तथा श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
इस अवसर पर संस्था अध्यक्ष शैलेंद्र अग्रवाल, सचिव नंदकिशोर गोयल, कोषाध्यक्ष सूरज गर्ग, उपाध्यक्ष प्रदीप बंसल, सह कोषाध्यक्ष राजेंद्र अग्रवाल सहित प्रेमप्रकाश बंसल, पुखराज बंसल, हनुमान श्रीया, बंसीगोपाल अग्रवाल, गिरधारी लाल मंगल, जितेंद्र खंडेलवाल, अनिल बंसल, मोहित बंसल, सुरेश गोयल, प्रवीण अग्रवाल, सूरज नारायण लखोटिया, उमेश गर्ग, आनंद प्रकाश गोयल, अनिल गर्ग बालूगोमा, चांदकरण अग्रवाल, अनुपम गोयल, विनोद अग्रवाल, चंद्र नारायण अग्रवाल, राजेंद्र गर्ग, रामनारायण बंसल, अनिल गर्ग, मोतीलाल अग्रवाल और मनोज गर्ग सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं मातृशक्ति उपस्थित रही।



