कोटा में खड़े ट्रक में घुसी क्रूजर, महाराष्ट्र के एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत, 8 घायल

0

खाटूश्यामजी के दर्शन कर लौट रहा था परिवार, मृतकों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल
कोटा। राजस्थान के कोटा जिले में कोटा-उदयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में महाराष्ट्र के एक ही परिवार के नौ लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि आठ अन्य घायल हो गए। हादसा नांता थाना क्षेत्र के शंभूपुरा गांव के पास उस समय हुआ, जब खाटूश्यामजी के दर्शन कर महाराष्ट्र लौट रही तेज रफ्तार क्रूजर गाड़ी सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी। मृतकों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र के धुले जिले का एक परिवार राजस्थान में खाटूश्यामजी के दर्शन करने आया था। परिवार के सदस्य क्रूजर गाड़ी में सवार होकर वापस महाराष्ट्र लौट रहे थे। शनिवार और रविवार की मध्यरात्रि करीब एक से दो बजे के बीच शंभूपुरा गांव के निकट कोटा-उदयपुर हाईवे पर उनकी गाड़ी सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि क्रूजर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे लोगों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। दुर्घटना में नौ लोगों की मौके पर ही अथवा उपचार के दौरान मौत हो गई। घायलों को एंबुलेंस से कोटा के न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

चालक को झपकी आने की आशंका

पुलिस की प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि लंबी यात्रा के दौरान क्रूजर चालक को नींद की झपकी आने से वाहन अनियंत्रित हुआ और सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गया। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।

ट्रक चालक हारून के अनुसार, उसने वाहन में तकनीकी खराबी आने पर ट्रक को सड़क किनारे खड़ा किया था और वह उससे कुछ दूरी पर था। इसी दौरान तेज गति से आई क्रूजर ट्रक से टकरा गई। टक्कर के प्रभाव से वह भी उछलकर दूर जा गिरा। इसके बाद उसने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।

मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री ने जताया दुख

हादसे के बाद कोटा शहर की पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम सहित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और बचाव कार्यों का जायजा लिया। अतिरिक्त जिला कलेक्टर राजेश जोशी ने घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि सभी मृतक एक ही परिवार के थे और खाटूश्यामजी के दर्शन कर महाराष्ट्र लौट रहे थे। प्रशासन की प्राथमिकता घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हादसे में लोगों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजन को दो लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी दुर्घटना पर शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।